इन छात्रों को कक्षा 9 से 12 तक मिलेगी ₹48 हजार छात्रवृत्ति, ग्रेटर नोएडा में NMMS परीक्षा की तैयारी शुरू
ग्रेटर नोएडा में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (NMMS) परीक्षा 2027-28 की तैयारियां हो रही है। चयनित स्टूडेंट्स को 9वीं से 12वीं तक ...और पढ़ें

दस्तावेज समय से तैयार कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी छात्र छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
HighLights
NMMS परीक्षा 2027-28 की तैयारियां ग्रेटर नोएडा में शुरू।
पात्र छात्रों को 9वीं से 12वीं तक ₹48 हजार छात्रवृत्ति।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने दस्तावेज तैयार कराने के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) परीक्षा 2027-28 को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को निर्देश जारी कर पात्र छात्रों के दस्तावेज समय से तैयार कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी छात्र छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा है कि सभी परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा आठ में अध्ययनरत पात्र छात्रों के आय प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र और आधार कार्ड समयबद्ध तरीके से बनवाए जाएं। इसके साथ ही विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा परीक्षा से संबंधित जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
परीक्षा नोडल राजेश खन्ना ने बताया कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को माध्यमिक स्तर पर पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को कक्षा नौ से बारह तक प्रति वर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि सभी अधिकारी और विद्यालय यह सुनिश्चित करें कि पात्र विद्यार्थियों के आवश्यक दस्तावेज समय पर तैयार हों और उन्हें परीक्षा के लिए आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ दिलाना है।