ग्रेटर नोएडा के 3 सेक्टरों में इसी हफ्ते दूर हो जाएगी पानी की किल्लत, शुरू होने जा रहे हैं नए हाईटेक UGR
ग्रेटर नोएडा के तीन सेक्टरों में भूमिगत जलाशय (UGR) इसी सप्ताह शुरू हो जाएंगे, जिससे इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बेहतर होगी। इन यूजीआर के चालू होने से पानी के कम दबाव और गुणवत्ता संबंधी शिकायतें दूर होंगी।

ग्रेटर नोएडा के तीन सेक्टरोें में दूर होगी पानी की किल्लत। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
सेक्टर दो, तीन व ईटा दो के यूजीआर शुरू होंगे
ग्रेटर नोएडा में जलापूर्ति की समस्या दूर होगी
पानी का दबाव व गुणवत्ता बेहतर होगी
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के तीन सेक्टरों में जलापूर्ति की समस्या इसी सप्ताह दूर हो जाएगी। सेक्टरों मेंं बने यूजीआर (भूमिगत जलाश्य) शुरू होने जा रहे हैं। इसके बाद सेक्टरों में जलापूर्ति बेहतर हो जाएगी। ईकोटेक चार में भी यूजीआर निर्माणाधीन है।
ग्रेटर नोएडा में आबादी बढ़ने के साथ जलापूर्ति का दबाव भी बढ़ रहा है। भूजल के साथ साथ प्राधिकरण गंगाजल के जरिये शहरवासियों को जलापूर्ति कर रहा है। मौजूदा समय मेंं शहर में बीस यूजीआर से अलग-अलग इलाके में पानी की आपूर्ति हो रही है।
इसके बावजूद कई सेक्टरों में जलापूर्ति को लेकर दिक्कत हैं। पानी का दबाव कम होने के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। पानी की गुणवत्ता को लेकर भी लोगोंं की शिकायतें आ रही हैं।
घर तक पानी पहुंचने का प्रेशर रहेगा बेहतर
यूजीआर से ओवर हेड टैंक में पानी भरकर उसे सेक्टरों मेंं सप्लाई करने मेंं भी नेटवर्क को लेकर दिक्कत आ रही है। पाइप लाइन में पानी का दबाव कम होने से टैंक में पानी भरने में मोटर आदि की क्षमता बढ़ने, बिजली खर्च आदि चुनौतियां हैं।
इसके समाधान के लिए प्राधिकरण सेक्टरों में यूजीआर बना रहा है। ताकि जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन की दूरी अधिक न हो और निवासियोंं के घर तक पानी पहुंचने में दबाव ठीक बना रहे है।
इन सेक्टरों में शुरू हो जाएगी आपूर्ति
प्राधिकरण के जल विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक विनोद शर्मा का कहना है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर दो व तीन और ईस्ट मेंं सेक्टर ईटा दो मेंं यूजीआर से पानी की आपूर्ति इसी सप्ताह शुरू हो जाएगी। तीनोंं यूजीआर बन कर तैयार होने के बाद ट्रायल पर हैं।
सेक्टर दो के यूजीआर की क्षमता छह हजार किलोलीटर, सेक्टर तीन के तीन हजार किलोलीटर व सेक्टर ईटा दो के यूजीआर की क्षमता 1500 किलोलीटर है। शहर में प्रतिदिन पानी की मांग तकरीबन 207 एमएलडी है।
प्राधिकरण का दावा है कि उसके पास 210 एमएलडी की उपलब्धता है। इसमें 50 से 60 एमएलडी गंगाजल व शेष भूजल है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जलापूर्ति के लिए यूजीआर क्षेत्रीय तैयार है। इसे भी जल्द शुरू कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 3900 मीटर रनवे के साथ 15 जून से उड़ान भरने को तैयार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, घने कोहरे में भी नहीं थमेंगी उड़ानें
यह भी पढ़ें- नोएडा सेक्टर 16 मेट्रो रेड लाइट पर अचानक आग का गोला बनी सोनाटा कार, बाल-बाल बची जान
यह भी पढ़ें- पार्क फेसिंग और कॉर्नर प्लॉट के खेल पर रोक, अब नोएडा में 'ड्रॉ' से तय होगा किसानों को मिलने वाला 5% भूखंड

