Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नोएडा में पेड़ से लटका मिला युवक का शव: पुलिस बता रही आत्महत्या, पिता का आरोप- 'दोस्ती के चलते हत्या कर लटकाया'

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 04:22 AM (IST)

    ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला, जिसे पुलिस आत्महत्या मान रही है। हालांकि, मृतक के पिता ने इसे हत्या बताते हुए युवती से दो ...और पढ़ें

    हापुड़ निवासी युवक का पेड़ पर फंदे से शव लटका मिला।

    हापुड़ निवासी युवक का पेड़ पर फंदे से शव लटका मिला।

    HighLights

    1. ग्रेटर नोएडा में युवक का शव पेड़ से लटका मिला।

    2. पिता ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस ने आत्महत्या कहा।

    3. युवती से दोस्ती के कारण धमकियां मिलने का दावा।

    जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में हापुड़ निवासी युवक का पेड़ पर फंदे से शव लटका मिला था। मृतक के पिता ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि साजिश रच कर हत्या करना बताते हुए पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई है। आरोप है कि बेटे को अगवा कर जैतपुर क्षेत्र के जंगल में ले जाकर पेड़ से फंदे पर लटका हत्या को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। बताया कि इंटरनेट मीडिया के माध्यम से बेटे की एक युवती से दोस्ती हुई थी। इसको लेकर युवती के स्वजन ने कई बार धमकी दी थी।

    हापुड़ निवासी रामेश्वर ने पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बेटे माइंस (18) की इंटरनेट मीडिया के माध्यम से एक युवती से पहचान हुई थी। आरोप है कि इसकी जानकारी होने पर युवती के स्वजन लगातार धमकियां देने लगे। 10 जुलाई को कुछ लोग उनके घर पहुंचे और बेटे को युवती से दूर रहने की चेतावनी देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद भी आरोपित लगातार घर के आसपास आकर धमकाते रहे।

    मां अंजलि को जैतपुर स्थित मिग्सन सोसायटी छोड़ने गया

    22 जुलाई की सुबह बेटा अपनी मां अंजलि को जैतपुर स्थित मिग्सन सोसायटी छोड़ने गया था, जहां वह घरेलू काम करती हैं। आरोप है कि उसी दौरान कुछ लोग बाइक से बेटे का पीछा करते हुए शौलाना से जैतपुर तक पहुंचे। रास्ते में कई बार बाइक को ओवरटेक किया।

    दोपहर में युवक ने घबराई हुई आवाज में उनके पास फोन कर जैतपुर बुलाया, इसके बाद काल कट गई। फिर कई घंटे उसका मोबाइल बंद मिला। वह लगातार बेटे की तलाश कर रहे थे। इसी बीच शाम करीब पांच बजे सूरजपुर पुलिस चौकी से सूचना मिली कि जैतपुर स्थित झिड़ी मंदिर के पास ग्रीन बेल्ट में पेड़ पर बेटे का शव फंदे से लटका मिला है। वह मौके पर पहुंचे तो पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई कर रही थी।

    खबरें और भी

    हापुड़ निवासी पांच लोगों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया

    पीड़ित पिता ने हापुड़ निवासी पांच लोगों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। दावा है कि आरोपितों में एक व्यक्ति पहले भी हत्या के मामले में सजा काट चुका है। बताया कि घटना के अगले दिन ही सूरजपुर कोतवाली में लिखित शिकायत के साथ शौलाना से बोड़ा गांव तक के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए, लेकिन अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया। एसीपी सेंट्रल नोएडा राजीव गुप्ता ने कहा कि युवक ने आत्महत्या की है। स्वजन द्वारा लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।

    यह भी पढ़ें- नोएडा में जहरीली गैस से दो कर्मचारियों की मौत प्रकरण में बिल्डर पर कार्रवाई, NHRC ने लिया स्वत: संज्ञान