नोएडा-ग्रेनो में एलएंडटी बनाएगी 2970 करोड़ की दो नई मेट्रो लाइनें, लाखों यात्रियों को होगा फायदा
नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में दो नई मेट्रो लाइनों के निर्माण के लिए लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) का चयन किया है। इ ...और पढ़ें

एलएंडटी को नोएडा मेट्रो के दो नए रूट बनाने का जिम्मा।
HighLights
एलएंडटी को नोएडा मेट्रो के दो नए रूट बनाने का जिम्मा।
बोटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 और ग्रेनो डिपो से बोड़ाकी तक।
परियोजना से पांच लाख मुसाफिरों को मिलेगा सीधा लाभ।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) ने ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़की (2.6 किमी) और बोटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 (11.56 किमी) तक दो मेट्रो रूटों के निर्माण के लिए लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) का चयन किया है। बुधवार को एनएमआरसी प्रबंधन ने निर्माण कंपनी के रूप में इसका चयन किया।
इस टेंडर में कुल नौ कंपनियों ने भाग लिया था। एक महीने के भीतर कंपनी को काम आवंटित कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इन दोनों रूटों से लगभग पांच लाख मुसाफिरों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश ने बताया कि नोएडा-ग्रेनो में संबंधित दोनों मेट्रो लाइनों का निर्माण एलएंडटी द्वारा किया जाएगा, जबकि एनएमआरसी प्रबंधन इसकी निगरानी करेगा। दोनो रूटों पर एलिवेटेड ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। सेक्टर-142 से सेक्टर-38 ए बोटेनिकल गार्डन तक मेट्रो रूट की लंबाई लगभग 11.56 किमी होगी, जिसमें आठ मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे।
इनमें बोटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44, नोएडा मुख्य प्रशासनिक भवन, सेक्टर-94, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93 और पंचशील बालक इंटर कॉलेज स्टेशन शामिल हैं। इस परियोजना पर लगभग 2254.35 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रेलवे स्टेशन के लिए भी एक नई मेट्रो लाइन बनाई जाएगी, जिसमें एक जुनपत और दूसरा बोड़ाकी मेट्रो स्टेशन होगा। इसके निर्माण पर लगभग 416 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह लाइन करीब 2.6 किलोमीटर लंबी होगी। सेक्टर-142 से बोटेनिकल गार्डन तक मेट्रो बनने से दिल्ली से ब्लू और मैजेंटा लाइन से आने वाले मुसाफिर सीधे सेक्टर-142 लाइन को पकड़ कर ग्रेटर नोएडा पहुंच सकेंगे।