अगले एक महीने में खुशखबरी! ग्रेटर नोएडा से नोएडा एयरपोर्ट की सीधी सड़क कनेक्टिविटी होगी बहाल
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी के लिए 60 मीटर सड़क के तीन किमी हिस्से का निर्माण शुरू हो गया है। यह सड़क ग्रेटर नोएडा से एयरपोर्ट तक सीधी पहु ...और पढ़ें

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी के लिए 60 मीटर सड़क के तीन किमी हिस्से का निर्माण शुरू हो गया है। इमेज एआई
HighLights
नोएडा एयरपोर्ट के लिए 60 मीटर सड़क का निर्माण शुरू।
ग्रेटर नोएडा से एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
एक महीने में 3 किमी सड़क का निर्माण पूरा होगा।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की 60 मीटर सड़क से कनेक्टिविटी के लिए यमुना प्राधिकरण ने करीब तीन किमी सड़क के टुकड़े का निर्माण शुरू कर दिया है। यह निर्माण पूरा होने पर ग्रेटर नोएडा से 60 मीटर सड़क होकर सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे।
सड़क को आगे विस्तार देते हुए दयानतपुर से सबौता तक सात किमी और बनाया जाएगा। इसके लिए जमीन क्रय का काम पूरा हो चुका है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए अभी केवल यमुना एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी है। यीडा सिटी की मुख्य 60 मीटर सड़क जमीन के कारण कई जगहों पर रुकी हुई थी। एयरपोर्ट तक इस सड़क की सीधी कनेक्टिविटी के लिए प्राधिकरण ने जमीनी विवाद को सुलझा कर सड़क निर्माण की बाधा पूरी तरह से दूर कर दी है।
दनकौर क्षेत्र में सड़क के रुके हुए हिस्से का निर्माण हो चुका है, केवल डामर का काम शेष है। जीएम प्रोजेक्ट राजेंद्र भाटी का कहना है कि दयानतपुर के हिस्से में 30.04 से 33 किमी प्वाइंट तक जमीन क्रय कर प्राधिकरण ने सड़क निर्माण शुरू कर दिया है। इसके अगले एक माह में तैयार कर लिया जाएगा। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे से नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी के लिए बने लिंक एक्सप्रेसवे से यह सड़क जुड़ जाएगी।
एयरपोर्ट तक आवाजाही होगी आसान
साठ मीटर सड़क के निर्माण से ग्रेटर नोएडा से एयरपोर्ट तक आवाजाही आसान हो जाएगी। ग्रेटर नोएडा से शुरू होकर यह सड़क नोएडा एयरपोर्ट तक बनने से यमुना एक्सप्रेसवे के अलावा एक और विकल्प तैयार हो जाएगा। इसी सड़क से ईपीई और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए बन रहे इंटरचेंज की भी कनेक्टिविटी होगी। यीडा के आवासीय व औद्योगिक सेक्टरों को जोड़ने के लिए यह प्रमुख सड़क है।
खबरें और भी
यीडा क्षेत्र में करीब 27 किमी है सड़क की लंबाई
यीडा क्षेत्र में इस सड़क की लंबाई करीब 27 किमी है। सात किमी प्वाइंट से यीडा क्षेत्र में यह सड़क प्रवेश करती है। इसे दयानतपुर से साबाैता तक करीब सात किमी और बनाया जाएगा। इसके लिए भी जमीन क्रय का काम पूरा हो चुका है।