विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा एयरपोर्ट से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी को झटका, हरियाणा के कारण 2027 तक टला लिंक एक्सप्रेसवे

Published: Tue, 01 Sep 2026 11:09 PM (IST)

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले जेवर ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे का 75% काम पूरा हो गया है। परियोजना अब मई 2027 तक पूरी होने की उम्मीद है।

एयरपोर्ट की तरफ प्रदेश के हिस्से में तैयार एयरपोर्ट को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाला लिंक एक्सप्रेसवे। जागरण

एयरपोर्ट की तरफ प्रदेश के हिस्से में तैयार एयरपोर्ट को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाला लिंक एक्सप्रेसवे। जागरण

HighLights

  1. जेवर लिंक एक्सप्रेसवे का 75% निर्माण कार्य संपन्न

  2. परियोजना अब 16 मई 2027 तक पूरी होगी

  3. 11 किलोमीटर एलिवेटेड मार्ग जुड़ने से परियोजना में देरी

मनोज कुमार शर्मा, जेवर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले जेवर ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण तेजी से चल रहा है, लेकिन पूरी परियोजना के लिए यात्रियों को अभी मई 2027 तक इंतजार करना होगा।

31.425 किलोमीटर लंबे छह लेन के एक्सेस कंट्रोल एक्सप्रेसवे का करीब 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और करीब 25 प्रतिशत निर्माण शेष है। परियोजना को अब 16 मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

हरियाणा में एलिवेटेड रोड जुड़ने से बढ़ी समयसीमा

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की निगरानी में हाईब्रिड एन्युटी मॉडल पर इस परियोजना का निर्माण 22 जून 2023 को शुरू हुआ था। इसे पहले जून 2025 तक पूरा किया जाना था, लेकिन परियोजना के स्वरूप में बदलाव और एलिवेटेड हिस्से को शामिल किए जाने के कारण समयसीमा बढ़ गई।

एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 31.425 किलोमीटर है। इसमें 22.30 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा और 9.125 किलोमीटर उत्तर प्रदेश में बनाया जाना है। परियोजना में करीब 11 किलोमीटर का एलिवेटेड मार्ग जुड़ने से निर्माण कार्य में देरी हुई।

एयरपोर्ट तक यूपी वाले हिस्से में कनेक्टिविटी शुरू

लिंक एक्सप्रेसवे फरीदाबाद के सेक्टर-65 के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के डीएनडी-सोहना लिंक से शुरू होकर जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचना है।

एयरपोर्ट से लेकर प्रदेश की सीमा तक एक्सप्रेसवे का ज्यादातर निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। यमुना एक्सप्रेसवे पर बनाए गए इंटरचेंज सहित एयरपोर्ट तक जाने वाले इस एक्सप्रेसवे को आम लोगों के लिए चालू भी कर दिया गया है।

फरीदाबाद में एलिवेटेड हिस्से और यमुना पुल पर तेजी से काम

NHAI अधिकारी के अनुसार, एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा फरीदाबाद क्षेत्र में है। परियोजना में मोहना के पास यमुना नदी पर छह लेन का पुल और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के ऊपर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी शामिल है।

फरीदाबाद में सेक्टर-65 के आसपास इंटरचेंज और एलिवेटेड हिस्से पर तेजी से काम चल रहा है। वहीं मोहना क्षेत्र में यमुना पुल से जुड़े निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। डीएफसी के ऊपर आरओबी और मार्ग के अन्य हिस्सों में सड़क निर्माण भी पूरा होने की दिशा में है।

यात्रियों के साथ कार्गो और लॉजिस्टिक्स को भी मिलेगा फायदा

यह परियोजना केवल यात्रियों की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण नहीं है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से जुड़ने के कारण एयरपोर्ट की कार्गो और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

लिंक एक्सप्रेसवे पूरा होने के बाद ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे नेटवर्क से मिलने वाली सीधी और तेज कनेक्टिविटी का पूरा लाभ मिल सकेगा। इसके बाद दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम से जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचना अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

एक नजर में परियोजना

  • कुल लंबाई: 31.425 किलोमीटर
  • लेन: छह
  • पूरा हुआ काम: करीब 75 प्रतिशत
  • शेष काम: करीब 25 प्रतिशत
  • निर्माण शुरू: 22 जून 2023
  • पुरानी समयसीमा: जून 2025
  • नई लक्ष्य तिथि: 16 मई 2027
  • हरियाणा में हिस्सा: 22.30 किलोमीटर
  • उत्तर प्रदेश में हिस्सा: 9.125 किलोमीटर
  • एलिवेटेड मार्ग: करीब 11 किलोमीटर

यह भी पढ़ें- नोएडा वासियों को ट्रैफिक के शोर से मिलेगी राहत, भंगेल एलिवेटेड रोड पर लगेंगे 6 फीट ऊंचे नाॅइज बैरियर