नोएडा एयरपोर्ट उद्घाटन आज: एक्सप्रेसवे पर रूट डायवर्जन, कई रास्तों पर नो-एंट्री; पढ़ें ट्रैफिक प्लान
जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण के कारण आज सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और यमुना एक्सप्रेस-वे पर भारी, ...और पढ़ें
HighLights
नोएडा एयरपोर्ट लोकार्पण 28 मार्च को, यातायात प्रतिबंध लागू
सुबह 7 से रात 11 बजे तक मालवाहक वाहन प्रतिबंधित रहेंगे
विभिन्न जिलों के लिए विशेष मार्ग और पार्किंग व्यवस्था जारी
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। जेवर स्थित नोएडा इंटर नेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण 28 मार्च यानी आज होना है। आयोजन के दौरान अतिविशिष्ट, विशिष्ट अतिथियों से बड़ी संख्या में आमजन भी शामिल होंगे।
इस दिन आमजन को सुरक्षित व सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आस-पास के रास्तों पर सुबह सात बजे से रात 11 बजे तक भारी, मध्यम और हल्के माल वाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। फिलहाल आपातकालीन सेवाएं एंबुलेंस और दमकल आदि वाहनों की ही आवाजाही कराई जाएगी।

कार्यक्रम स्थल तक ऐसे पहुंचे बाहर से आने वाले
मेरठ और गाजियाबाद से आने वाले वाहन:
- जनपद मेरठ, गाजियाबाद की ओर से आने वाले वाहन ईस्टर्न पेरीफेरल होकर सिरसा टोल से नीचे उतरकर सिरसा गोलचक्कर से डाढ़ा गोलचक्कर से सुपरटेक गोलचक्कर से दाहिने मुड़ कर नट मड़ैया गोलचक्कर से होंडा सीएल चौक से पुस्ता तिराहा (एटीएस) से बाएं मुड़कर गलगोटिया विश्वविद्यालय के सामने से डबल सर्विस रोड होकर फलैदा (खूपुरा) कट से नगला कंचन तिराहा से बाएं मुड़ कर दयानतपुर होकर दयानतपुर स्थापित इंटरचेंज के नीचे रनेहरा पुलिस चौकी के सामने बने अस्थायी गेट से प्रवेश करेंगे।
- पार्किंग- जनपद मेरठ के लाेग पी-7 और गाजियाबाद के पी-6 में वाहनों को पार्क कर कार्यक्रम स्थल पर पहुचेंगे।
मथुरा और अलीगढ़ जनपद
- मथुरा और अलीगढ़ जनपद से आने वाले वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे होकर जेवर टोल पार करने के बाद जेवर कट से उतरकर दाहिने मुड़कर सबौता अंडरपास से किशोरपुर गेट से प्रवेश कर एयरपोर्ट परिसर पहुंचेंगे।
- पार्किंग- जनपद मथुरा के लिए पी-05 और अलीगढ़ के लिए पी-9, पी-11 वाहन पार्किंग स्थल तय किया गया है।
हापुड़ और बुलंदशहर
- जनपद हापुड़, बुलन्दशहर, गभाना, खुर्जा, जहांगीरपुर, बंकापुर की ओर से आने वाले वाहन जेवर खुर्जा मार्ग पर ग्राम थोरा से पहले दाहिने मुड़ कर पारोही गेट से एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश कर टाटा बीचिंग प्लांट के सामने दाहिने पहुंचेंगे।
- पार्किंग- जनपद हापुड़ के वाहन पी 14 और बुलंद शहर के पी-13 में पार्किंग होंगे।
गौतमबुद्ध नगर वासियों के लिए मार्ग निर्धारित
अतिविशिष्ट व विशिष्ट अतिथि
- अतिविशिष्ट और विशिष्ट अतिथि यमुना एक्सप्रेस-वे से जेवर एयरपोर्ट के लिए बने इंटरचेंज (32 किमी माइलस्टोन) मार्ग से प्रवेश करेंगे। अपने वाहन निर्धारित पार्किंग पी-एक, पी-दो और पी-तीन में पार्क कर शटल वाहन से कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- मीडिया कर्मियों के वाहन किशोरपुर गेट से प्रवेश करेंगे। वाहनों को पी-8 में वाहन पार्क कर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।
अधिकारी व कर्मियों के लिए यह व्यवस्था
- पुलिस और प्रशासनिक एवं अन्य विभागों के ड्यूटीरत अधिकारी व कर्मचारी अपने वाहनों को किशोरपुर गेट से प्रवेश कर पार्किंग स्थल पी-10 में वाहन पार्क करेंगे। प्रशासनिक बस दयानतपुर मार्ग होकर एयरपोर्ट परिसर स्थित पार्किंग पी 15 में वाहन खड़े कर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आने वालों के लिए
- नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहन गलगोटिया कट से उतरकर एक्सपोमार्ट गोलचक्कर से यू-टर्न लेकर एक्सपोमार्ट अंडरपास से होकर आईएफएस विला गोलचक्कर से दाहिने मुड़ कर एनएसजी गोलचक्कर से बाएं मुड़ कर पुस्ता तिराहा (एटीएस) से गलगोटिया विश्वविद्यालय के सामने से डबल सर्विस रोड होकर फलैदा (खूपुरा) कट से नगला कंचन तिराहा से बायें मुड़ कर दयानतपुर होते हुए दयानतपुर पर स्थापित इंटरचेंज के नीचे रनेहरा पुलिस चौकी के सामने बने अस्थायी गेट से प्रवेश कर पी-7 में वाहनों को पार्क कर कार्यक्रम में शामिल होंगे।
ग्रेनो वेस्ट और सूरजपुर की ओर से आने वाले वाहन
- गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सूरजपुर की ओर से आने वाले वाहन चालक परीचौक से पी 3 गोलचक्कर से होंडा सीएल चौक से दाहिने मुड़ कर पुस्ता तिराहा (एटीएस) से बायें मुड़ कर गलगोटिया विश्वविद्यालय के सामने से डबल सर्विस रोड होकर फलैदा (रबूपुरा) कट से नगला कंचन तिराहा से बायें मुड़ कर दयानतपुर होते हुए दयानतपुर पर स्थापित इंटरचेंज के नीचे रनेहरा पुलिस चौकी के सामने बने अस्थायी गेट से प्रवेश कर पी-07 में वाहनों को पार्क कर कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दनकौर, रोनीजा, रबूपुरा से आने वाले वाहन
- दनकौर, रोनीजा, रबूपुरा की ओर से आने वाले वाहन दनकौर रबूपुरा सर्विस रोड होकर फलैदा कट से बायें तीर्थली चौराहा से दाहिने मुड़कर दयानतपुर पर स्थापित इंटरचेंज के नीचे से होकर नहर की पटरी पर होते हुए सिवारा की पुलिया से बायें अस्थाई गेट से अंदर प्रवेश कर पुराना दयानतपुर मार्ग पर पी-7 पार्किंग में वाहन पार्क कर कार्यक्रम में शामिल होंगे।
जेवर कस्बा से आने वाले वाहन
- जेवर कस्बा की ओर से आने वाले वाहन चालक साबौता अंडर पास होकर किशोरपुर गेट से प्रवेश कर एयरपोर्ट परिसर में पी-12 स्थित पार्किंग में वाहन पार्क करने के के बाद कार्यकम में शामिल हो सकेंगे।
- दोपहिया और हल्के वाहन चालक किशोरपुर गेट से प्रवेश कर एयरपोर्ट परिसर में पी-04 पार्किंग में वाहन पार्क कर कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे।
बाहरी जिलों के वाहनों के लिए यह रहेगी डायवर्जन व्यवस्था
- जेवर टप्पल मार्ग पर गोपालगढ़ की ओर से जेवर की तरफ जाने वाले वाले कमर्शियल वाहनों को वापस टप्पल की ओर डायवर्ट किया जायेगा। यह वाहन टप्पल-पलवल होकर गंतव्य तक जा सकेंगे।
- कस्बा खुर्जा से जेवर कस्बा की ओर आने वाले कमर्शियल वाहनों को खुर्जा कस्बा से ही डायवर्ट किया जाएगा।
- सिकन्द्राबाद और काकोड से जेवर की ओर आने वाले कमर्शियल वाहनों को चचुरा कस्बा नहर पुल से खैलरी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- आगरा की ओर से आने वाले वाहनों को जेवर टोल से पहले ही बने यू-टर्न से आगरा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह वाहन चालक अलीगढ़ टप्पल होकर गंतव्य तक जा सकेंगे।
- नोएडा- ग्रेटर नोएडा से यमुना एक्सप्रेस-वे से आगरा की ओर जाने वाले वाहन परीचौक से अल्फा कमर्शियल गोलचक्कर से मेट्रो डिपो गोलचक्कर से 130 मीटर रोड से सिरसा गोलचक्कर से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर गंतव्य तक जा सकेंगे।
- जनपद मेरठ, हापुड़ और गाजियाबाद से ईस्टर्न पेरिफेरल से यमुना एक्सप्रेस-वे का प्रयोग कर आगरा, मथुरा, लखनऊ व अन्य प्रदेशों में जाने के लिए ईस्टर्न पेरिफेरल के बील अकबरपुर से उतरकर एनएच-91 का प्रयोग कर गंतव्य तक जा सकेंगे।
- पलवल से ईस्टर्न पेरीफेरल द्वारा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होकर अन्य स्थानों पर जाने वाले वाहन चालकों काे सिरसा लूप से उतरना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारी पूरी, प्रधानमंत्री मोदी जनता को करेंगे समर्पित