नोएडा एयरपोर्ट संचालन में फंसा पेंच, अड़चन दूर करने के लिए 20 अप्रैल को मंथन करेंगे बोर्ड के सदस्य
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन में सुरक्षा कार्यक्रम की स्वीकृति को लेकर अड़चन आ रही है। नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) द्वारा विदेशी सीईओ के क ...और पढ़ें
-1775879473638_m.webp)
नोएडा एयरपोर्ट संचालन में फंसा पेंच। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सुरक्षा प्रोग्राम को नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो से स्वीकृति को लेकर पेंच अभी तक फंसा हुआ है। इस बीच यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. यापल के बोर्ड सदस्य 20 अप्रैल को एकत्र होकर नोएडा एयरपोर्ट का निरीक्षण करेंगे।
इस दौरान एयरपोर्ट सुरक्षा प्रोग्राम की स्वीकृति को लेकर आड़े आ रहे नियमों पर भी चर्चा होने की संभावना है। सुरक्षा प्रोग्राम को स्वीकृति के बाद ही नोएडा एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू होंगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन कर चुके हैं, लेकिन विमान सेवा संचालन के लिए अभी तक तारीख घोषित नहीं हुई है। लोग इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
20 अप्रैल को एयरपोर्ट के निरीक्षण के लिए आएंगे बोर्ड के सदस्य
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण एवं संचालन के लिए ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी ने स्पेशल परपज व्हीकल कंपनी का गठन किया था। ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी के सदस्यों के अलावा यमुना प्राधिकरण के सीईओ व निदेशक नागरिक उड्डयन विभाग इस कंपनी के बोर्ड में निदेशक के तौर पर शामिल हैं। 20 अप्रैल को बोर्ड के सदस्य एयरपोर्ट के निरीक्षण के लिए आएंगे।
इस दौरान एयरपोर्ट को नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो से सुरक्षा प्राेग्राम को स्वीकृति मिलने मेंं आ रही अड़चन पर भी चर्चा होने की संभावना है। दरअसल यापल के सीईओ विदेशी नागरिक हैं, जबकि सुरक्षा प्रोग्राम को स्वीकृति देने के लिए सीईओ का भारतीय नागरिक होना अनिवार्य शर्त है।
बड़े बदलाव की संभावना
अधिकारियों के मुताबिक, नोएडा इंटरनेशनल एयरपाेर्ट शत प्रतिशत एफडीआई परियोजना है। इसे देखते हुए सीईओ पद पर भारतीय नागरिक की नियुक्ति के नियम में बदलाव के लिए केंद्र सरकार के स्तर पर बदलाव होने की संभावना है, अगर यह बदलाव नहीं होता है तो सीईओ पद पर किसी भारतीय की नियुक्ति होने पर भी सुरक्षा प्रोग्राम को स्वीकृति मिल सकती है। बोर्ड सदस्यों के बीच इस पर चर्चा होने की संभावना है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे चरण के लिए हटाए जाएंगे 20 हजार परिवार,1857 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहण
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरुआत में घरेलू विमान सेवा शुरू करने की तैयारी है। देश के प्रमुख शहरों के लिए यहां से विमान सेवा उपलब्ध होगी। साल के अंत तक एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा भी शुरू हो जाएगी। इसके लिए एयरपोर्ट संचालक कंपनी के अलावा एयरलाइंस भी अपनी तैयारी में जुटी हुई हैं। अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल के बचे हुए शेष कार्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है।