नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे चरण के लिए हटाए जाएंगे 20 हजार परिवार,1857 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहण
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे चरण के लिए जेवर के 14 गांवों की 1857.88 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने अधिग्रहित जमीन पर पर ...और पढ़ें

जमीन अधिग्रहण के लिए टीमों का गठन। फोटो: आर्काइव
HighLights
नोएडा एयरपोर्ट तीसरे चरण में 14 गांवों का अधिग्रहण
छह गांवों के लगभग 20 हजार परिवार होंगे विस्थापित
परिसंपत्तियों के सर्वे हेतु 17 विशेषज्ञ टीमें गठित
मनोज कुमार शर्मा, जेवर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे चरण के लिए जेवर के 14 गांव की 1857.88 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। मार्च के शुरूआत में सभी गांव के अवार्ड घोषित होने के बाद इन गांव के किसानों से पत्रावली प्राप्त करते हुए मुआवजा (प्रतिकर) की धनराशि सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है।
मुआवजा वितरण का काम पूरा होने के साथ ही अधिग्रहित जमीन पर परिसंपत्तियों का मुआवजा देने के लिए जिलाधिकारी ने प्रभावित गांव में सर्वे के लिए 17 टीमों का गठन किया है। तीसरे चरण में जेवर के छह गांव का विस्थापन किया जाना है।
इन गांवों की जमीन होगी अधिग्रहीत
जिसमें लगभग 20 हजार परिवार विस्थापित होंगे। इन परिवाराें को बसाने के लिए मंगरौली,चौरोली, अलावलुप,माडलपुर आदि गांव की जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।
तीसरे चरण के लिए जेवर के थोरा, नीमका, ख्वाजपुर, साबौता मुस्तफाबाद, किशोरपुर, मुकीमपुर शिवारा, बनवारीवास,जेवर बांगर, पारोही, बंकापुर, रोही, चौरोली व दयानतपुर की 1857.88 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है।
अधिग्रहण प्रक्रिया के दौरान जेवर के थोरा, बनवारीवास, किशोरपुर, नीमका, ख्वाजपुर, रामनेर छह गांव का विस्थापन किया जाना है। विस्थापन से पहले इन गांव में परिसंपत्तियों का सर्वे किया जाना है साथ ही अधिग्रहण की जा रही जमीन पर नलकूप, बोरिंग, वृक्ष, फलदार वृक्ष, भवन आदि का भी सर्वे होना है।
खबरें और भी
17 टीमों का गठन किया गया
जिलाधिकारी ने कमिश्नर मेरठ के आदेशों के बाद 17 टीमों का गठन किया है प्रत्येक टीम में लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, सिंचाई विभाग के अलावा क्षेत्रीय लेखपाल, एडीएम एलए से अमीन को शामिल किया गया है।
सर्वे कार्य के लिए नीमा गांव में दो टीमें, रामनेर में दो टीमें, साबौता में एक टीम, ख्वाजपुर में एक टीम, किशोरपुर में दो टीमें, मुकीमपुर शिवारा में एक टीम, थोरा में दो टीमें, बनवारीवास में दो टीमें, जेवर बांगर व पारोही में एक-एक टीम के अलावा बंकापुर, रोही, चौरोली व दयानतपुर के लिए एक टीम का गठन किया गया है। तीसरे चरण में सर्वे प्रक्रिया को पूर्ण कराने के लिए उपजिलाधिकारी जेवर (दुर्गेश सिंह)को प्रभारी बनाया गया है।