पहली उड़ान से पहले नोएडा एयरपोर्ट का बड़ा टेस्ट, रनवे पर उतरा AAI का विमान; परखी गई तकनीकी तैयारियां
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री सेवा शुरू होने से पहले तकनीकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के विमान ने शनिवार ...और पढ़ें

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर खड़ा एएआइ का विमान।
HighLights
एएआइ विमान ने नोएडा एयरपोर्ट पर तकनीकी जांच की।
नेविगेशन उपकरणों की सटीकता का परीक्षण सफलतापूर्वक हुआ।
नोएडा एयरपोर्ट पर 15 जून से यात्री सेवा शुरू होगी।
संवाद सहयोगी, जेवर (ग्रेटर नोएडा)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री विमान सेवा शुरू होने से पहले तैयारी अंतिम दौर में हैं। भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण (एएआइ) का विमान शनिवार सुबह 11 बजे एयरपोर्ट के रनवे पर उतरा। इस दौरान विमान से नेविगेशन आदि उपकरणों की सटीकता की जांच की गई। कुछ समय एयरपोर्ट पर ठहरने के बाद विमान रवाना हो गया। एयरपोर्ट पर यात्री सेवा को लेकर तैयारियों को लगातार परखा जा रहा है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से यात्री सेवाओं की शुरुआत होगी। इंडिगो एयरलाइंस का विमान लखनऊ से उड़ान भर कर यात्रियों के साथ सुबह करीब आठ बजे नोएडा एयरपोर्ट के रनवे पर उतरेगा। यात्रियों में मंत्री व अधिकारियों के शामिल होने की भी संभावना है। उनके स्वागत को लेकर एयरपोर्ट पर तैयारी चल रही हैं। विमान सेवा को लेकर तकनीकी परीक्षण भी लगातार हो रहे हैं।
नेविगेशन उपकरणों की सटीकता से की जांच
शनिवार को भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण का विमान सुबह करीब 11 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर उतरा। अधिकारियों के मुताबिक इस उड़ान के दौरान नेविगेशन उपकरणों की कार्यप्रणाली की सटीकता की जांच की गई है।
एयरपोर्ट की सुरक्षा व अन्य कार्यों से जुड़ी एजेंसियों भी अपनी तैयारी पूरी करने में जुटी हैं। भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण के कर्मचारी ड्यूटी संभाल चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू होने से पहले कस्टम समेत अन्य केंद्रीय विभागों के कर्मचारी भी तैनात हो जाएंगे। शुरुआत में केवल घरेलू उड़ान शुरू होने जा रही हैं। उसी के अनुरूप तैयारी हो रही है।