3 सुपरवाइजर को नौकरी से निकाला, 3 मैनेजर और 5 JE का वेतन कटा; सफाई में लापरवाही पर नोएडा अथॉरिटी का एक्शन
नोएडा प्राधिकरण ने शहर में साफ-सफाई और जलभराव की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही पाए जाने पर तीन सुपरवाइजरों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं और आ ...और पढ़ें

लापरवाही पर नोएडा अथॉरिटी ने की कार्रवाई। फोटो: आर्काइव
HighLights
नोएडा प्राधिकरण ने सफाई व्यवस्था पर की बड़ी कार्रवाई
तीन सुपरवाइजर बर्खास्त, आठ अधिकारियों का वेतन कटा
जलभराव और कूड़े की शिकायतों पर लिया गया एक्शन
जागरण संवाददाता, नोएडा। शहर में साफ सफाई और जलभराव की शिकायतों पर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही पाए जाने पर तीन सुपरवाइजरों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
वहीं तीन प्रबंधक और पांच अवर अभियंता का एक माह का वेतन स्थायी रूप से काट दिया गया है। यह कार्रवाई प्राधिकरण महाप्रबंधक जीएम एसपी सिंह के निर्देश पर की गई।
नालों की सफाई में मिली लापरवाही
बता दें कि नोएडा प्राधिकरण सीईओ कृष्णा करुणेश ने वर्क सर्किल अधिकारियों को 15 जुलाई तक शहर के सभी नालों की सफाई पूरी करने के निर्देश दिया था। इसके बावजूद अब भी करीब 30 प्रतिशत नालों की सफाई अधूरी है।
साथ ही शहर के कई इलाकों में कूड़े के ढेर और खराब सफाई व्यवस्था की शिकायतें लगातार प्राधिकरण को मिल रही थीं। समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई की गई।
दो नोडल अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
प्राधिकरण ने शहर में जलभराव और सफाई व्यवस्था की प्रभावी मानिटरिंग के लिए दो नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए हैं। ओएसडी इंदू प्रकाश को वर्क सर्किल-1 से 5 और महाप्रबंधक जनस्वास्थ्य आरएस यादव को वर्क सर्किल-6 से 10 की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दोनों अधिकारी प्रत्येक सर्किल में सफाई और नालों की स्थिति का निरीक्षण कर प्रतिदिन अपनी रिपोर्ट सीधे सीईओ को सौंप रहे है।
रिपोर्ट के आधार पर प्राधिकरण अधिकरियों का कहना है कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर में जलभराव और सफाई व्यवस्था में तेजी से सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
यह भी पढ़ें- 5 मिनट में आने का झांसा देकर ले उड़ी लाखों की ज्वेलरी और कैश, नोएडा में बिना वेरिफिकेशन मेड रखना पड़ा भारी