Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पहली बार पुरी की तर्ज पर नोएडा में सजेगा रथ, चार घोड़ों के साथ मौसी के घर जाएंगे भगवान जगन्नाथ

    Updated: Tue, 14 Jul 2026 04:56 PM (IST)

    नोएडा में पहली बार श्री जगन्नाथ मंदिर, सेक्टर-121 द्वारा पुरी धाम की तर्ज पर भव्य रथयात्रा का आयोजन 16 जुलाई को किया जाएगा। ...और पढ़ें

    16 जुलाई को सेक्टर-121 से सेक्टर-71 तक निकलेगी भव्य रथयात्रा। जागरण

    16 जुलाई को सेक्टर-121 से सेक्टर-71 तक निकलेगी भव्य रथयात्रा। जागरण

    जागरण संवाददाता, नोएडा। इस बार भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा नोएडा में सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पुरी धाम की परंपरा का जीवंत अनुभव बनेगी। पहली बार श्री जगन्नाथ मंदिर, सेक्टर-121 की रथयात्रा को ओडिशा के पुरी धाम की तर्ज पर तैयार किया गया है।

    विशेष रूप से निर्मित भव्य रथ, पारंपरिक स्वरूप और चार प्रतीकात्मक घोड़ों के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा 16 जुलाई को मौसी के घर के लिए प्रस्थान करेंगे।

    मंगलवार को मंदिर में नेत्रोत्सव के साथ भगवान के नवयौवन स्वरूप के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। देवस्नान पूर्णिमा पर 108 कलशों से महाअभिषेक के बाद परंपरा के अनुसार भगवान 13 दिनों तक अनसर (विश्राम) काल में रहे।

    इस दौरान मंदिर के पट बंद रहे। मंगलवार को जैसे ही भगवान के दिव्य नेत्र दर्शन हुए, बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

    मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद बहल ने बताया कि 16 जुलाई को दोपहर तीन बजे रथयात्रा सेक्टर-121 स्थित मंदिर से शुरू होकर सेक्टर-71 स्थित बाबा बालकनाथ मंदिर पहुंचेगी, जिसे भगवान का मौसी घर माना जाता है। वहां भगवान नौ दिनों तक विराजमान रहेंगे और 24 जुलाई को पुन: अपने मुख्य मंदिर लौटेंगे।

    उन्होंने बताया कि पहली बार रथ को पुरी की परंपरा के अनुरूप तैयार किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को नोएडा में ही पुरी की विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा की झलक देखने का अवसर मिलेगा। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालु रथ खींचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे। मंदिर समिति ने अधिक से अधिक लोगों से इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है।

    यह भी पढ़ें: विदेशी फूलों से सजेगा भगवान जगन्नाथ का रथ, हर चौराहे पर रंगोली, भक्ति में डूबेगा नोएडा

    खबरें और भी