बारिश के बाद अंधेरे में डूबा नोएडा सेक्टर-12, ट्रांसफॉर्मर के पास जलभराव से बिजली व्यवस्था ठप
नोएडा के सेक्टर-12 के बी ब्लॉक में मंगलवार सुबह से बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे उमस भरे मौसम में निवासियों को पूरे दिन परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रा ...और पढ़ें
HighLights
सेक्टर-12 बी ब्लॉक में मंगलवार सुबह से बिजली ठप।
ट्रांसफार्मर के पास जलभराव को बताया गया कारण।
आरडब्ल्यूए ने विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल।
जागरण संवाददाता, नोएडा। सेक्टर-12 के बी ब्लाक में मंगलवार सुबह से बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को पूरे दिन परेशानी झेलनी पड़ी।रातभर की इस समस्या से आज सुबह भी लोग बिजली से परेशान रहे।उमस भरे मौसम में बिजली नहीं होने से घरों में दैनिक कामकाज प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का समय पर समाधान नहीं किया गया।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष डा. तरसेम चंद ने बताया कि उन्होंने दो बार लाइनमैन से संपर्क किया। लाइनमैन ने बताया कि ट्रांसफार्मर के नीचे पानी भरा होने के कारण बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की जा सकती। जब तक पानी नहीं निकलेगा, सप्लाई बहाल नहीं होगी।
हालांकि डा. तरसेम चंद का कहना है कि उन्होंने मौके पर जाकर वीडियो बनाया, जिसमें ट्रांसफार्मर के ठीक नीचे बहुत कम पानी दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास जलभराव है। उन्होंने यह भी बताया कि इसी ट्रांसफार्मर से जुड़े एच ब्लाक में बिजली सामान्य रूप से चल रही थी, लेकिन बी ब्लाक की सप्लाई बंद रही। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
निवासियों का कहना है कि हर वर्षा में ट्रांसफार्मरों के आसपास जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता। उन्होंने मांग की है कि ट्रांसफार्मर के आसपास जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए ताकि मानसून में बार-बार बिजली संकट न झेलना पड़े। बिजली विभाग की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।