चोरी, पेचकस से हमला और गंदे नाले में छलांग; नोएडा सेक्टर-22 में चोरों पर भारी पड़ी मां-बेटे की जोड़ी
नोएडा के सेक्टर 22 में चोरी कर भाग रहे दो बदमाशों को महिला और उसके बेटे ने देख लिया। पकड़ने ...और पढ़ें
HighLights
नोएडा सेक्टर-22 में घर में चोरी का प्रयास।
महिला के बेटे पर बदमाशों ने पेचकस से हमला किया।
नाले में कूदकर भाग रहे दो बदमाश गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, नोएडा। सेक्टर-22 एच ब्लॉक में बुधवार का दिन एक परिवार के लिए किसी खौफनाक मंजर से कम नहीं था। बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी कर रहे दो बेखौफ बदमाशों का एक साहसी महिला और उसके मासूम बेटे से सामना हुआ। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पेचकस से हमला कर दिया और जान बचाने के लिए बदबूदार नाले में छलांग लगा दी, लेकिन कानून के लंबे हाथों से वे बच नहीं सके।
सन्नाटे को चीरती चीख और पेचकस से जानलेवा हमला
विकास कुमार के बंद घर का ताला तोड़कर दो बेखौफ चोर अंदर दाखिल हुए और नकदी व जेवरात समेटने लगे। इसी दौरान विकास की पत्नी पूनम देवी जब घर पहुंचीं, तो मुख्य दरवाजा खुला देख उनके होश उड़ गए। एक शातिर बाहर रखवाली कर रहा था और दूसरा घर के भीतर लूटपाट मचा रहा था।
पूनम देवी के शोर मचाते ही दोनों बदमाश भागने लगे। तभी पूनम के बहादुर बेटे अनिक ने निडरता दिखाते हुए एक चोर को कसकर दबोच लिया। खुद को फंसता देख बौखलाए बदमाश ने अनिक पर पेचकस से जानलेवा हमला कर दिया और लहुलूहान हालत में उसे छोड़कर भाग निकला।
200 मीटर तक खदेड़ा, घिरता देख गंदे नाले में कूदे
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी अमित, विनय और विकास फौरन हरकत में आए और बदमाशों के पीछे दौड़ लगा दी। लगभग 200 मीटर तक चले इस रोंगटे खड़े कर देने वाले ड्रामे के बाद जब चोरों ने खुद को चारों तरफ से घिरता पाया, तो उन्होंने बचने का आखिरी दांव खेला। दोनों ने बिना सोचे-समझे सेक्टर के विशाल और गहरे नाले में छलांग लगा दी।
भलस्वा और जहांगीरपुरी के हैं चोर
हालांकि, मोहल्ले के लोगों का गुस्सा और तत्परता उनके दुस्साहस पर भारी पड़ी। सैकड़ों लोगों ने नाले को चारों तरफ से घेर लिया और दोनों बदमाशों को नाले से बाहर खींचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ाए गए आरोपियों की पहचान दिल्ली की भलस्वा जेजे कॉलोनी के अनिकेत और जहांगीरपुरी झुग्गी के अलाउद्दीन के रूप में हुई।
गहने व नकदी बरामद, पुलिस ने भेजा जेल
डायल 112 पर वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाशी ली। आरोपियों के पास से चोरी किए गए 48 हजार रुपये नकद, चांदी के भारी जेवरात और अन्य सामान बरामद किया गया। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरों ने घर से सोने की अंगूठी, लगभग 550 ग्राम चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दी थी।
"पीड़ित की तहरीर पर संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मां-बेटे के साहस और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से पकड़े गए दोनों शातिर चोरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।"
-उमेश चंद्र नैथानी, थाना प्रभारी।
यह भी पढ़ें- खातों से अचानक गायब हुई रकम... नोएडा में 350 PNB ग्राहकों की शिकायत पर हिला बैंकिंग सिस्टम, CBI जांच शुरू
यह भी पढ़ें- नोएडा की DCP बनने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुईं IPS प्रीति यादव, कॉन्स्टेबल पिता की बेटी ने 22 साल में पास की UPSC
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।