ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कलेक्ट्रेट में मिलेगी जाम से राहत, सर्विस लेन पर बनेगी नई पार्किंग व्यवस्था
सूरजपुर कलेक्ट्रेट और सरकारी कार्यालयों के बाहर सर्विस लेन पर लगने वाले जाम से अब राहत मिलेगी, क्योंकि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अस्थाई पार्किंग बनाने ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI Generated
HighLights
सूरजपुर कलेक्ट्रेट के बाहर जाम से मिलेगी राहत।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अस्थाई पार्किंग बनाने के निर्देश दिए।
इंटरलाकिंग टाइल्स बिछाकर व्यवस्थित पार्किंग बनाई जाएगी।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट और अन्य सरकारी कार्यालयों के बाहर सर्विस लेन पर रोज लगने वाले जाम से अब राहत मिलेगी। यहां वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आमने-सामने गाड़ियां फंस जाती हैं और जाम की स्थिति रोज बन जाती है।
इस समस्या को देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने सर्विस लेन के किनारे अस्थाई पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए हैं। वर्क सर्किल को कहा गया कि कार्यालयों की बाउंड्रीवाल के सहारे जमीन को समतल कर वहां इंटरलाकिंग टाइल्स बिछाई जाए।
इससे गाड़ियां खड़ी करने के लिए निर्धारित जगह उपलब्ध हो सकेगी। इसके साथ ही मुख्य सड़क और सर्विस लेन के बीच मौजूद कच्ची जगह की लैंड स्केपिंग भी कराई जाएगी। मिट्टी को इस तरह ठीक किया जाएगा ताकि वहां भी वाहन पार्क किए जा सकें।
सीईओ ने कहा कि अभी सर्विस लेन पर दोनों तरफ वाहन खड़े होने से निकलने की जगह नहीं बचती। नई व्यवस्था लागू होने के बाद गाड़ियां पार्किंग में खड़ी होंगी, जिससे आवागमन सुगम होगा। कर्मचारियों और आम लोगों को भी सुविधा मिलेगी।