विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP से पहली बार 2 लाख करोड़ से अधिक का एक्सपोर्ट, टॉप-10 जिलों में नोएडा नंबर-1; अमेरिका से नेपाल तक धूम

Updated: Tue, 09 Jun 2026 09:07 PM (IST)

उत्तर प्रदेश ने पहली बार 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात किया है, जिसमें गौतमबुद्ध नगर 49% योगदान के साथ शीर्ष पर रहा। यह उपलब्धि सरकारी नीतियों और यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो जैसे आयोजनों से संभव हुई है, जिससे वैश्विक व्यापार में वृद्धि हुई।

निर्यात में यूपी के टॉप -10 जिलों में नोएडा नंबर-1। फोटो: आर्काइव

निर्यात में यूपी के टॉप -10 जिलों में नोएडा नंबर-1। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. यूपी का निर्यात पहली बार 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक

  2. गौतमबुद्ध नगर ने 49% योगदान के साथ नेतृत्व किया

  3. सरकारी नीतियों और यूपीआईटीएस ने निर्यात बढ़ाया

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। बेहतर निर्यात के मामले में यूपी देश का पांचवां बड़ा निर्यातक राज्य बन गया है। इसमें गौतमबुद्ध नगर का योगदान पहले पायदान पर है। गौतमबुद्ध नगर से 97702 करोड़ रुपये का निर्यात किया गया है।

यह प्रदेश के कुल निर्यात का 49 प्रतिशत हिस्सा है। 2024-25 में गौतमबुद्ध नगर से 97702 करोड़ का निर्यात हुआ था। जिले से सबसे अधिक निर्यात इंडस्ट्रियल मशीनरी, कपड़े, मोबाइल व एसेसरीज, इलेक्ट्रिकल मशीनरी एंड इलेक्ट्रानिक्स उत्पाद का हुआ है।

वहीं, पहली बार यूपी से 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की वस्तुओं का निर्यात हुआ है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में यूपी से 201241 करोड़ रुपये का माल यूएसए, यूके, यूएई, जर्मनी और नेपाल भेजा गया है।

यह पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 15182 करोड़ रुपये अधिक है। फियो के उप निदेशक रोहित तेजपाल ने बताया कि प्रदेश से सबसे अधिक निर्यात इलेक्ट्राॅनिक्स, इंजीनियरिंग उत्पाद, वस्त्र एवं परिधान, मांस व मांस उत्पाद, फुटवियर, चमड़ा उत्पाद, कालीन, हस्तशिल्प और कृषि आधारित उत्पादों का हुआ है।

पिछले साल के मुकाबले निर्यात में टॉप -10 जिले

रैंक जिला निर्यात (करोड़ रुपये)
1 गौतमबुद्ध नगर 97,703
2 गाजियाबाद 18,728
3 कानपुर नगर 10,823
4 मुरादाबाद 10,639
5 आगरा 8,907
6 अलीगढ़ 8,253
7 भदोही 6,162
8 उन्नाव 5,569
9 संभल 3,521
10 अमरोहा 2,825

सरकार की दूरदर्शी नीतियों, निर्यात प्रोत्साहन कार्यक्रमों, लाॅजिस्टिक्स अवसंरचना में सुधार और उद्योगों के अनुकूल वातावरण से यह ऐतिहासिक उपलब्धि मिली है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो से स्थानीय उद्योगों, एमएसएमई इकाइयों और ओडीओपी उत्पादों को वैश्विक मंच मिला है।

- सुविध शाह, अतिरिक्त महानिदेशक, फियो।

यूपी के निर्यात में निरंतर वृद्धि के पीछे एक महत्वपूर्ण कारण उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) के पिछले तीन सफल संस्करणों में विदेशी खरीदारों की सक्रिय भागीदारी रही है।

इन आयोजनों के दौरान हुई हजारों बी 2 बी बैठकों, व्यापारिक पूछताछ और व्यावसायिक संपर्कों ने वास्तविक निर्यात आदेशों एवं दीर्घकालिक व्यापारिक साझेदारियों का रूप लिया है।

- रोहित तेजपाल, उप निदेशक फियो।

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा के 3 सेक्टरों में इसी हफ्ते दूर हो जाएगी पानी की किल्लत, शुरू होने जा रहे हैं नए हाईटेक UGR