यीडा के 27 आवंटियों के लिए अब आखिरी मौका, बिना विलंब शुल्क के करा लें रजिस्ट्री
यमुना प्राधिकरण के 27 औद्योगिक भूखंड आवंटियों के लिए रजिस्ट्री का नि:शुल्क समय विस्तार आज समाप्त हो रहा है। हाई कोर्ट के आदेश पर यीडा ने यह अवधि 31 मा ...और पढ़ें

यमुना प्राधिकरण के 27 औद्योगिक भूखंड आवंटियों के लिए रजिस्ट्री का नि:शुल्क समय विस्तार आज समाप्त हो रहा है।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण के औद्योगिक श्रेणी के 27 आवंटियों को भूखंड की रजिस्ट्री के लिए निश्शुल्क दिया गया समय विस्तार आज समाप्त हो जाएगा। यीडा ने हाई कोर्ट के आदेश पर आवंटियों को यह समय विस्तार दिया था। निर्धारित अवधि में रजिस्ट्री न कराने पर आवंटियों को विलंब शुल्क के साथ रजिस्ट्री करानी पड़ सकती है।
यमुना एक्सप्रेसवे एंटरप्रिन्योर्स एसोसिएशन ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर आवंटन से लेकर कब्जा मिलने तक शून्य काल का लाभ देने की मांग की थी। हाई कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई कर यीडा को आदेश दिए थे, प्राधिकरण ने चेक लिस्ट जारी होने वाले आवंटियोंं को रजिस्ट्री के लिए निश्शुल्क समय विस्तार देते समय सीमा को 31 मार्च से बढ़ाकर 15 अप्रैल कर दिया था।
102 आवंटियों मेंं से अधिकतर ने रजिस्ट्री करा ली है। केवल 27 आवंटी बचे हैं, जिनके लिए बिना विलंब शुल्क के रजिस्ट्री कराने का बुधवार को अंतिम दिन है। यमुना एक्सप्रेसवे एंटरप्रिन्योर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ऋषभ निगम का कहना है कि प्राधिकरण ने 2013 में इन भूखंडों का आवंटन किया था, 27 आवंटियों की रजिस्ट्री अभी शेष बची है।