ग्रेटर नोएडा के 46 नए सेक्टरों में यीडा की बड़ी तैयारी, 35 लाख लोगों के लिए पानी-सीवर का प्लान तैयार
यमुना प्राधिकरण (यीडा) 46 नए सेक्टरों के लिए तीन माह में सर्विस मास्टर प्लान 2041 तैयार कराएगा। यह योजना ड्रेन, सीवर और पानी की लाइनों सहित ढांचागत सुविधाओं के विकास पर केंद्रित होगी।

बुनियादी सुविधाएं देने के लिए यीडा ने बनाया प्लान। फोटो: आर्कावइ
HighLights
यीडा तीन माह में सर्विस मास्टर प्लान 2041 बनाएगा
46 नए सेक्टरों में ड्रेन, सीवर, पानी लाइन का विकास
अर्शिया कंसल्टिंग इंजीनियरिंग को मिली जिम्मेदारी
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण (यीडा) का सर्विस मास्टर प्लान तीन माह में तैयार होगा। इसके तहत मास्टर प्लान 2041 में शामिल 46 नए सेक्टरों में भविष्य की आबादी और औद्योगिक गतिविधियों के हिसाब से ढांचागत सुविधाओं का खाका तैयार किया जाएगा।
प्राधिकरण ने इसकी जिम्मेदारी हरियाणा की अर्शिया कंसल्टिंग इंजीनियरिंग प्रा. लि. को सौंपी है। कंपनी सर्वे करने के साथ ही सर्विस मास्टर प्लान तैयार करेगी, जिसमें सुविधाओं को कैसे और कहां विकसित करना है, इसका प्रविधान होगा।
46 नए सेक्टरों के लिए बनेगा सुविधाओं का खाका
यमुना प्राधिकरण ने मास्टर प्लान 2041 में 46 नए सेक्टर विकसित किए हैं। इन सेक्टरों के विकास के तहत ड्रेन, सीवर, पानी की लाइन आदि ढांचागत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
सेक्टर में बसने वाली आबादी और औद्योगिक क्षेत्र के हिसाब से एसटीपी, यूजीआर आदि की क्षमता कितनी होगी और उन्हें कहां बनाया जाएगा, इसकी भी योजना तैयार होगी।
मास्टर प्लान में यह भी तय किया जाएगा कि ढांचागत सुविधाओं को किस तरह विकसित किया जाएगा, ताकि नए सेक्टरों की जरूरत के अनुरूप व्यवस्था तैयार की जा सके।
प्राकृतिक जल स्रोत और जल निकासी का होगा सर्वे
एसीईओ मनीष मीणा का कहना है कि मास्टर प्लान तैयार करने वाली कंपनी प्रस्तावित क्षेत्र का भौगोलिक व वहां मौजूद प्राकृतिक स्रोत का सर्वे करेगी।
यीडा के मास्टर प्लान क्षेत्र में जल स्रोत व जल निकासी की प्राकृतिक व्यवस्था है। जल का बहाव आदि की स्थिति का भी सर्वे किया जाएगा। इसके अनुरूप ही सर्विस मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।
पुराने सर्विस मास्टर प्लान का भी होगा अध्ययन
मास्टर प्लान 2031 के साथ तैयार कराए गए सर्विस मास्टर प्लान 2031 का भी अध्ययन किया जाएगा। देखा जाएगा कि उसमें किसी तरह की खामी तो नहीं है। अगर उसमें संशोधन की जरूरत होगी तो कंपनी उस पर भी अपने सुझाव देगी।
प्राधिकरण के मास्टर प्लान 2041 के तहत शहर की आबादी 35 लाख होने का अनुमान लगाया गया है। इसी अनुमान को ध्यान में रखते हुए भविष्य की ढांचागत जरूरतों का खाका तैयार किया जाएगा।
बिजली का मास्टर प्लान 2041 भी होगा तैयार
प्राधिकरण सर्विस मास्टर प्लान के अलावा बिजली का मास्टर प्लान 2041 भी तैयार कराने की योजना बना रहा है। इसके लिए जल्द कंपनी चयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्राधिकरण ने शहर की जरूरतों को देखते हुए बिजली का 2031 मास्टर प्लान तैयार कराया था। इसमें बिजली की लाइन, सब स्टेशन आदि का खाका तैयार किया गया था।
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में साइबर जांच में बड़ी लापरवाही, इलाहाबाद HC की फटकार के बाद इंस्पेक्टर और SI सस्पेंड
