ग्रेटर नोएडा में साइबर जांच में बड़ी लापरवाही, इलाहाबाद HC की फटकार के बाद इंस्पेक्टर और SI सस्पेंड
साइबर अपराध की विवेचना में लापरवाही बरतने पर बिसरख कोतवाली के साइबर निरीक्षक देवेंद्र कुमार और सब इंस्पेक्टर मुनींद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

दो पुलिसकर्मी सस्पेंड। फोटो: सांकेतिक
HighLights
साइबर निरीक्षक देवेंद्र कुमार और सब इंस्पेक्टर मुनींद्र सिंह निलंबित
गलत बैंक खाता फ्रीज करने और डी-फ्रीज न करने का आरोप
मामला इलाहाबाद हाई कोर्ट पहुंचने के बाद हुई कार्रवाई
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली में साइबर अपराध से जुड़े मामले की विवेचना में लापरवाही बरतने पर साइबर निरीक्षक देवेंद्र कुमार और सब इंस्पेक्टर मुनींद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
दोनों पुलिसकर्मियों पर विवेचना के दौरान गलत बैंक खाता फ्रीज कराने और शिकायत के बाद भी उसे डी-फ्रीज कराने के लिए कार्रवाई नहीं करने का आरोप है।
किसी और का खाता कर दिया फ्रीज
सूत्रों के अनुसार, बिसरख कोतवाली में साइबर अपराध से संबंधित एक मामले की जांच चल रही थी। विवेचना में पुलिस ने एक बैंक खाता फ्रीज करा दिया। आरोप है कि जिस खाते को फ्रीज कराया गया, वह संदिग्ध की बजाय अन्य व्यक्ति का था।
संबंधित खाताधारक को जब खाते पर कार्रवाई की जानकारी हुई तो पुलिसकर्मियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा। इसके साथ ही खाता डी-फ्रीज कराने का अनुरोध किया। बावजूद खाता डी-फ्रीज कराने की कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
हाई कोर्ट में गुहार के बाद हुआ एक्शन
आरोप है कि खाताधारक के साथ अभद्रता भी की गई। इससे परेशान होकर उसने इलाहाबाद हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर दी। मामले की सुनवाई में हाईकोर्ट ने जिले के संबंधित अधिकारियों को तलब किया था।
फिर पुलिस अधिकारियों ने प्रकरण की जांच कराई। विवेचना में पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने पर साइबर निरीक्षक देवेंद्र कुमार और सब इंस्पेक्टर मुनींद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा की मिग्सन अल्टिमो सोसायटी में चौथे दिन भी दूषित पानी की आपूर्ति, TDS 450 के पार
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा: महावीर प्लाजा के जिम में लगी आग, लोगों ने दौड़कर बचाई जान और दमकल कर्मियों ने शीशे तोड़ पाया काबू
