नोएडा में श्रमिक वर्ग के लोगों को मिलेगा अपना घर, YEIDA ने आवासीय भूखंड योजना का किया एलान
यमुना प्राधिकरण जल्द ही श्रमिक वर्ग के लिए 40 वर्गमीटर के आवासीय भूखंडों की योजना लाएगा, जिसमें लगभग आठ हजार भूखंड शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, सेक्टर ...और पढ़ें

यीडा लाएगा दो नए आवासीय भूखंड योजनाएं। तस्वीर- एआई जनरेटेड
HighLights
श्रमिक वर्ग के लिए 40 वर्गमीटर के 8000 भूखंड।
सेक्टर पांच में भी नई आवासीय योजना की तैयारी।
अप्रैल में 973 लंबित भूखंडों की योजना होगी लॉन्च।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण श्रमिक वर्ग के लिए आवासीय भूखंड योजना जल्द लेकर आएगा। इसके साथ ही सेक्टर पांच में भी आवासीय भूखंड योजना की प्राधिकरण ने तैयारी शुरू कर दी है।
नई आवंटन दरें एक अप्रैल से लागू हो रही हैं। अप्रैल के पहले सप्ताह में यीडा 973 भूखंड की योजना निकालने जा रहा है। यह योजना रेरा पंजीकरण के कारण काफी दिनों से लंबित है।
यमुना प्राधिकरण ने आगामी वित्त वर्ष के लिए 11 हजार करोड़ का बजट प्रस्तावित किया है। राजस्व प्राप्ति के लिए सबसे अधिक जोर भूखंड योजनाओं पर है। इसमें खासकर आवासीय श्रेणी शामिल है।
आवासीय योजना में प्राधिकरण को लाखाें आवेदन मिलते हैं। एकमुश्त भुगतान का विकल्प होने के कारण प्राधिकरण के खजाने में एक साथ करोड़ों रुपये एकत्र होते हैं। इसलिए यीडा ने आगामी वित्त वर्ष में भूखंड योजनाओं की रूपरेखा तैयार करना शुरू कर दिया है।
40 मीटर के 8000 भूखंड आवंटित करने का लक्ष्य
श्रमिक वर्ग के लिए बोर्ड से अनुमति के बावजूद यीडा अभी तक भूखंड योजना नहीं निकाल सका है। इसमें चालीस वर्गमीटर के तकरीबन आठ हजार भूखंड आवंटित करने का लक्ष्य है। इसके साथ ही सेक्टर पांच में आवासीय व सोसायटी आदि के लिए भूखंड योजना भी निकाली जा सकती है।
सेक्टर-15C में यीडा की आवासीय भूखंड योजना कई माह से अटकी हुई थी। पहले रेरा पंजीकरण मिलने में समय लगा, फिर आवंटन दरें पुनरीक्षित होने के कारण 973 भूखंड की इस योजना को यीडा ने नए वित्त वर्ष तक के लिए टाल दिया था।
आवासीय श्रेणी में 3.5 प्रतिशत दर वृद्धि की गई है। नई दरें एक अप्रैल से लागू होने के बाद पहले सप्ताह में यह योजना भी लॉन्च होने जा रही है। यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह का कहना है कि नई भूखंड योजना की रूपरेखा तैयार की जा रही है। पूर्व में रेरा में पंजीकृत हो चुकी योजना जल्द लांच कर दी जाएगी।