Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पीलीभीत टाइगर रिजर्व में दिखा 'कुदरत का सबसे बड़ा सफाईकर्मी', 10 फीट के पंख देख दंग रह गए पर्यटक

    Updated: Sat, 04 Apr 2026 07:37 PM (GMT+05:30)

    पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पहली बार 20 दुर्लभ हिमालयी गिद्ध देखे गए हैं। बाघ मित्र अतुल सिंह ने मृगनैनी ताल के पास इन्हें देखा। यह प्रजाति आमतौर पर ऊंचे ...और पढ़ें

    पीलीभीत टाइगर रिजर्व में मौजूद हिमालयी गिद्ध। स्रोत बाघ मित्र

    पीलीभीत टाइगर रिजर्व में मौजूद हिमालयी गिद्ध। स्रोत बाघ मित्र

    HighLights

    1. टाइगर रिजर्व में दिखे दुर्लभ हिमालयी गिद्ध, वन्यजीव प्रेमी खुश

    संवाद सूत्र, माधोटांडा (पीलीभीत)। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में पहली बार दुर्लभ प्रजाति के 20 हिमालयी गिद्ध देखे गए हैं। इस दुर्लभ पक्षी के दिखाई देने से वन विभाग के अधिकारी और वन्यजीव प्रेमी खासे उत्साहित है। शुक्रवार को जंगल क्षेत्र में मृगनैनी ताल के पास बाघ मित्र अतुल सिंह की नजर सफारी के दौरान दुर्लभ प्रजाति गिद्धों पर पड़ी।

    इसकी पहचान हिमालयी गिद्ध के रूप में की गई, जो सामान्य तौर पर ऊंचे पहाड़ी इलाकों में पाये जाते हैं। अतुल सिंह ने इन गिद्धों की गणना की तो इनकी संख्या 20 निकली। टाइगर रिजर्व में इनका दिखाई देना बेहद खास माना जा रहा है। हिमालयी गिद्ध दुनिया के सबसे बड़े उड़ने वाले पक्षियों में गिना जाता है।

    इसके पंखों का फैलाव करीब 8 से 10 फीट तक होता है, जिससे यह आसमान में लंबे समय तक बिना पंख फड़फड़ाए उड़ सकते हैं। इस गिद्ध की गर्दन सफेद रोयों से ढकी होती है और शरीर हल्के भूरे रंग का होता है। इसकी चोंच बेहद मजबूत और मुड़ी हुई होती है, जिससे यह मृत जानवरों के मांस को आसानी से नोच सकता है।

    हिमालयी गिद्ध प्रकृति के सफाईकर्मी माने जाते हैं। गिद्धों की घटती संख्या को देखते हुए इनका संरक्षण बेहद जरूरी माना जा रहा है। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में इस प्रजाति के गिद्धों का एक साथ इतनी संख्या में दिखना इस बात का संकेत है कि यहां का पर्यावरण तंत्र मजबूत हो रहा है।

    खबरें और भी

    विशेषज्ञों के अनुसार बेहतर वन प्रबंधन और शिकार पर नियंत्रण के चलते यहां जैव विविधता में लगातार सुधार हो रहा है। आने वाले समय में पीलीभीत टाइगर रिजर्व न केवल बाघों के लिए बल्कि दुर्लभ पक्षियों के लिए भी नई पहचान बना सकता है। महोफ रेंजर सहेंद्र कुमार यादव ने बताया कि पहले भी यहां पर हिमालयी गिद्ध देखे गये हैं, लेकिन एक साथ इतने गिद्ध होना अच्छा संकेत है।

     

    यह भी पढ़ें- बाघ और भालू की भिड़ंत से लेकर मगरमच्छ का टशन: PTR में इस बार पर्यटकों ने देखे हैरान करने वाले नजारे, देखें तस्वीरें