सुसाइड वीडियो बनाकर नहर में कूदा बरेली का महिपाल, पत्नी और ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
बरेली के महिपाल ने पत्नी व ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सुसाइड वीडियो बनाया और हरदोई नहर में छलांग लगा दी। पुलिस और एसएसबी उसकी तलाश कर ...और पढ़ें

नहर में छलांग लगाने की सूचना पर पहुंचे एसडीएम प्रमेश कुमार और इनसेट में आत्महत्या करने की बात कहते हुए वीडियो बनाने वाला युवक महिपाल
HighLights
बरेली के थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव का निवासी है पीड़ित युवक
हरदोई नहर में छलांग लगाई, एसएसबी ने शुरू की युवक की तलाश
संवाद सहयोगी, कलीनगर (पीलीभीत)। बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव रिठौरा मोहनपुर निवासी 28 वर्षीय महिपाल का एक सुसाइड वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। वीडियो में युवक ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए हरदोई नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या करने की बात कही। सूचना पर पुलिस और एसएसबी ने नहर में युवक की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
बरेली के थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव रिठौरा मोहनपुर निवासी 28 वर्षीय महिपाल ने बुधवार को माधोटांडा थाना क्षेत्र के कलीनगर पुल पर हरदोई नहर के किनारे एक वीडियो बनाया। वीडियो में उसने पत्नी और ससुराल पक्ष पर लगातार मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया।
उसने कहा कि वह काफी समय से तनाव में है और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर हरदोई नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर रहा है। वीडियो बनाने के बाद महिपाल ने उसे अपने स्वजनों को भेज दिया। वीडियो देखते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
स्वजन गुरुवार को माधोटांडा पहुंचे। महिपाल के भाई सूर्य प्रकाश ने पुलिस को तहरीर देकर युवक की तलाश की गुहार लगाई। वीडियो के आधार पर पुलिस कलीनगर पुल के पास पहुंची, जहां युवक की मोटरसाइकिल खड़ी मिली।
इससे उसके नहर में छलांग लगाने की आशंका बढ गई। सूचना मिलने पर कलीनगर एसडीएम प्रमेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को बुलाया गया। एसएसबी के जवान मोटरबोट के साथ नहर में युवक की तलाश में जुट गए।
खबरें और भी
हालांकि नहर में पानी का बहाव अधिक होने के कारण देर शाम तक महिपाल का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है। एसडीएम प्रमेश कुमार ने बताया कि युवक को नहर में छलांग लगाते किसी ने नहीं देखा, लेकिन वीडियो के आधार पर नहर में तलाश की जा रही है।