5,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया वनकर्मी: बरेली से आई टीम ने पीलीभीत में बिछाया था जाल, अब होगी बड़ी कार्रवाई
पीलीभीत में बरेली की एंटी करप्शन टीम ने लालपुर वन चौकी पर संविदा वन वाचर संजीव कुमार को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा। उत्तराखंड से आने वाल ...और पढ़ें

एंटी करप्शन टीम की गिरफ्त में आरोपित वन वाचर संजीव कुमार। जागरण
HighLights
उत्तराखंड से पीलीभीत जिला में प्रवेश करने पर की जाती वसूली
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। उत्तराखंड से आने वाले ट्रकों से लालपुर चौकी पर वसूली की जा रही। एक चालक की शिकायत पर गुरुवार को बरेली से आई एंटी करप्शन टीम ने इस भ्रष्टाचार का भंडाफोड़ किया। टीम ने चौकी पर तैनात संविदा वन वाचर संजीव कुमार को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा।
वह उत्तराखंड के बाजपुर का रहने वाला है। उसके विरुद्ध माधोटांडा थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिकी पंजीकृत की गई है। उस समय चौकी पर वन दारोगा सुरेंद्र गौतम टीम को नहीं मिले। देर शाम डीएफओ भरत कुमार डीके ने वन रेंजर को प्रकरण की जांच सौंप दी।
उत्तराखंड से पीलीभीत जिले की सीमा में प्रवेश करने के लिए पीलीभीत टाइगर रिजर्व की लालपुर वन चौकी से होकर गुजरना होता है। आरोप है कि जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले ट्रकों से पांच-छह हजार रुपये की वसूली की जाती है। इसमें रायल्टी चोरी करने वाले ट्रक भी शामिल होते थे। रिश्वतखोरी के कारण राजस्व की क्षति करने वाले ट्रकों को भी जिले की सीमा में प्रवेश दे दिया जाता था।
बरेली से गई एंटी करप्शन टीम के अधिकारियों ने बताया कि माधोटांडा के गांव पिपरिया संतोष निवासी चालक फैयाज भी उत्तराखंड से रेता-बजरी का ट्रक लेकर आते हैं। कुछ दिन पहले चौकी पर उनसे भी रिश्वत मांगी गई मगर, उन्होंने सभी कागज पूरे होने की बात कहकर रुपये देने से इन्कार कर दिया। इसको लेकर वनकर्मी से विवाद भी हुआ था।
खबरें और भी
परेशान होकर उन्होंने बरेली में एंटी करप्शन टीम को प्रकरण की जानकारी दी कि रायल्टी अदा करने वालों से भी वसूली हो रही। आरंभिक जांच में उनके आरोप सही पाए गए। इसके बाद आरोपितों को पकड़ने का जाल बुना गया। गुरुवार को ट्रक लेकर आए संतोष को चौकी पर रोका गया। संविदा वनकर्मी ने पांच हजार रुपये मांगे तो उन्होंने दे दिए।
उसी दौरान आसपास खड़ी एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने बताया कि संजीव को गिरफ्तार कर माधोटांडा थाने ले जाया गया, वहां उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है। आशंका जताई जा रही कि चौकी पर वसूली रैकेट चल रहा, जिसमें कई लोग शामिल हैं।
उत्तराखंड सीमा की लालपुर चौकी पर संविदा वनकर्मी के रिश्वत लेते पकड़े जाने की जानकारी मिली है। वन रेंजर को मौके पर भेजकर विस्तृत जांच करने को कहा है। आरोपित संविदा वनकर्मी से पूछताछ के बाद अन्य बिंदु स्पष्ट हो सकेंगे।
- भरत कुमार डीके, डीएफओ
यह भी पढ़ें- बाघ और कोबरा के जहर पर बच्चों ने पूछे ऐसे सवाल कि दंग रह गए एक्सपर्ट्स! पीलीभीत टाइगर रिजर्व में रोमांचक सफर