हाईवे पर कोहरे का कहर: 10 मीटर की विजिबिलिटी ने ली युवक की जान, कार-ऑटो की भिड़ंत में उड़े परखच्चे
पीलीभीत-बरेली हाईवे पर घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से सड़क हादसे बढ़ गए हैं। जहानाबाद क्षेत्र में रविवार रात एक अनियंत्रित कार ने ऑटो को टक्कर म ...और पढ़ें

क्षतिग्रस्त आटो
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। दिन के धूप खिलने और रात को घना कोहरा छा रहा है। हाईवे पर दृश्यता 10 मीटर से 20 मीटर तक रह गई। इससे सड़क हादसे बढ़ गए हैं। हाईवे और सड़कों पर घना कोहरा जानलेवा साबित हो रहा है। रविवार देर रात को हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई। हादसा जहानाबाद क्षेत्र में हुआ।
पीलीभीत-बरेली हाईवे पर रविवार रात सड़क हादसे में आटो चालक की जान चली गई। मृतक युवक बरेली में रहकर आटो चलाता था और रविवार को ही अपने पैतृक गांव लौट कर आ रहा था। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना जहानाबाद क्षेत्र के गांव खुंडारा निवासी दीपक कुमार (25) पुत्र मूलचंद पिछले काफी समय से बरेली में किराये पर रहकर आटो चलाता था।

रविवार को वह अपना आटो लेकर बरेली से पीलीभीत होते हुए अपने घर खुंडारा जा रहा था। जैसे ही वह पीलीभीत-बरेली हाईवे पर जहानाबाद क्षेत्र के ललौरीखेड़ा और शिवपुरिया-जतीपुर के बीच नर्सरी के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने आटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आटो के परखच्चे उड़ गए और दीपक सड़क पर जा गिरा।
उसके सिर और पेट में गंभीर चोटें आईं, स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने कार और आटो को खड़ा करा लिया है, इधर खबर मिलते ही मृतक के पिता मूलचंद और अन्य स्वजन मौके पर पहुुंच गए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्वजन का रो-रोकर हाल बेहाल है।