पीलीभीत में भालू की दहशत: खेतों के पास दिखा वाइल्ड एनिमल, कुत्ते से भिड़ंत का वीडियो वायरल
पीलीभीत के गजरौला कला क्षेत्र में भालू की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। नचनी घाट-बिनौर गांव के पास ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। गजरौला कला क्षेत्र में भालू की लगातार चहल-कदमी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। जंगल से भटककर रिहायशी इलाकों और खेतों के आसपास पहुंच रहा भालू कई स्थानों पर दिखाई देने के बाद अब नचनी घाट-बिनौर गांव के पास खेतों में नजर आया है।
भालू की गतिविधियों के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। गुरुवार शाम करीब पांच बजे नचनी घाट-बिनौर गांव में आबादी के नजदीक खेतों में ग्रामीणों ने भालू को देखा। इसके बाद रात में भी उसकी मौजूदगी की सूचना मिली।
भालू को देखने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने दूर से उसकी गतिविधियों का वीडियो बना लिया जो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। प्रसारित वीडियो में भालू के सामने कुत्ते के भौंकने का दृश्य भी दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक इससे पहले भी क्षेत्र के गजरौला पंचायत सचिवालय के आसपास भालू दिखाई दे चुका है। वहीं बिठौरा कला क्षेत्र में भी भालू देखे जाने की सूचना सामने आ चुकी है।
लगातार अलग-अलग स्थानों पर भालू की मौजूदगी से ग्रामीणों में बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि भालू के साथ-साथ क्षेत्र में बाघ और अन्य वन्यजीवों की चहल-कदमी की सूचनाएं भी मिलती रहती हैं।
ऐसे में किसान खेतों में जाने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने कैमरा ट्रैप के माध्यम से निगरानी करने और भालू की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।
ग्रामीणों ने अपील की है कि भालू दिखाई देने पर लोग उसके करीब न जाएं और भीड़ लगाकर उसे घेरने या छेड़ने का प्रयास न करें। वन विभाग को तत्काल सूचना देकर वन्यजीव को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।
