'थाने गई तो पढ़ाई छूट जाएगी...' पीलीभीत में छेड़छाड़ से तंग LLB छात्रा ने दी जान, आरोपी गिरफ्तार
पीलीभीत में छेड़छाड़ से परेशान एक एलएलबी छात्रा ने आत्महत्या कर ली। आरोपी सोनू गंगवार को गिरफ्तार कर लिया गया ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक इमेज
HighLights
रास्ते में घेरकर आपत्तिजनक हरकत करता था आरोपित, गिरफ्तार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्वजन ने दी तहरीर, प्राथमिकी पंजीकृत
संवाद सहयोगी, बीसलपुर (पीलीभीत)। स्कूल के रास्ते पर बेखौफ घूमने वाले सोनू के दुस्साहस ने छात्रा की जिंदगी छीन ली। वह एलएलबी प्रथम वर्ष कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ करता, विरोध पर धमकियां देता था। थाने-पुलिस के चक्कर लगाने पर पढ़ाई प्रभावित हो जाएगी, इस डर से छात्रा बर्दाश्त करती रही...मगर कब तक? वह कानून का सहारा लेने के बजाय घुटती रही, फिर फंदे से लटक गई।
बुधवार को उसके स्वजन की शिकायत पर आरोपित सोनू गंगवार को गिरफ्तार कर लिया गया। बीसलपुर क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली एलएलबी प्रथम वर्ष में पढ़ रही थी। स्वजन ने बताया कि चौसरा गांव में रहने वाला सोनू गंगवार तीन-चार महीने से उसे परेशान कर रहा था।
वह स्कूल जाती तो रास्ते में रोककर छेड़छाड़, आपत्तिजनक हरकतें करता था। काफी समय तक छात्रा बर्दाश्त करती रही, इससे सोनू का दुस्साहस बढ़ता गया। पिछले सप्ताह उसने प्रकरण की जानकारी दी। कहा कि सोनू के कारण रास्ते से निकलना मुश्किल हो गया है।
उसे समझाकर शांत किया, आश्वासन दिया कि यदि अब वह रास्ते में दिखा तो शिकायत करेंगे। वह इसके बाद भी गुमसुम थी। मंगलवार सुबह को परिवार के सदस्य कार्यों में व्यस्त थे, उसी दौरान उसने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी।
किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें हैंगिंग से मृत्यु होने की पुष्टि हुई। मंगलवार शाम को स्वजन ने थाने पहुंचकर सोनू गंगवार और उसके पिता भूपराम के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने, आपत्तिजनक हरकतें करने, पाक्सो एक्ट की धारा में प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर को पुलिसकर्मी गांव पहुंचे तो छात्रा के स्वजन ने किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया था। वे शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराना चाहते थे। काफी समझाने के बाद पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया। इसके बाद छात्रा के स्वजन ने मंगलवार देर शाम को सोनू गंगवार व उसके पिता के विरुद्ध तहरीर दी।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। यदि छात्रा को किसी से परेशानी थी तो पहले ही शिकायत कर दी जाती, आरोपित पर तत्काल कार्रवाई होती। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया, उसे जेल भेजा जाएगा।
