पीलीभीत में दीवाली पर बाजारों में हुई धनवर्षा, सवा सौ करोड़ के पार पहुंचा कारोबार
पीलीभीत में दीवाली के महापर्व पर बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे व्यापारियों को बड़ी सौगात मिली। धनतेरस ...और पढ़ें

HighLights
दीपावली पर पीलीभीत में सवा सौ करोड़ का रिकॉर्ड कारोबार हुआ।
कपड़ा, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल बाजारों में जबरदस्त रौनक दिखी।
वाहनों की बिक्री में डेढ़ गुना वृद्धि, व्यापारियों में भारी उत्साह।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। दीवाली का महापर्व जिले के व्यापारियों के लिए एक बड़ी सौगात लेकर आया है। धनतेरस से लेकर दीपावली तक बाजारों में उमड़ी ग्राहकों की भारी भीड़ ने व्यापारिक माहौल को पूरी तरह से खुशनुमा बना दिया। शहर के प्रमुख बाजारों से लेकर ग्रामीण अंचलों और कस्बों तक में जमकर खरीदारी हुई, जिससे व्यापारियों के चेहरे पर उत्साह और संतोष साफ नजर आया। इस बार दीपावली के पूरे त्योहारी सीजन में जिले में कुल मिलाकर लगभग सवा सौ करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान लगाया गया है। यह आंकड़ा पिछले कई वर्षों के त्योहारी व्यापार की तुलना में कहीं अधिक और संतोषजनक रहा है।
त्योहारी सीजन में सबसे अधिक रौनक और भीड़भाड़ कपड़ा और सराफा बाजार में देखने को मिली। बाजार में ग्राहकों की भारी आवाजाही के चलते जिले में कपड़े का लगभग 20 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। रेडीमेड कपड़ों, साड़ियों से लेकर पारंपरिक परिधानों की दुकानों पर देर रात तक ग्राहकों का तांता लगा रहा। वहीं, सोने और चांदी के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बावजूद सराफा बाजार की चमक तनिक भी फीकी नहीं पड़ी।
सराफा व्यापारियों और एसोसिएशन के मुताबिक, इस बार भारी भरकम आभूषणों की जगह हल्के व डिजाइनर आभूषणों के साथ ही सोने-चांदी के सिक्कों की खूब मांग रही। धनतेरस के दिन सराफा बाजार में ग्राहकों की ऐसी भीड़ थी कि पैर रखने की जगह नहीं बची थी, जिससे जिले में सराफा का कारोबार करीब 25 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गया। व्यापारियों ने बताया कि सराफा बाजार में पिछले वर्ष की तुलना में अच्छी बढ़त देखने को मिली है।
इलेक्ट्रानिक्स, बर्तन और आतिशबाजी बाजार ने भी इस दीपावली पर अपनी अच्छी रफ्तार बनाए रखी। वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी, म्यूजिक सिस्टम, फ्रिज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की बंपर बिक्री के चलते जिले के इलेक्ट्रानिक्स बाजार में करीब 18 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ। धनतेरस की खास शगुन खरीदारी के चलते बर्तन बाजार में भी खनक तेज रही। पीतल के पारंपरिक बर्तनों के साथ-साथ क्राकरी और घरेलू उपयोग के अन्य बर्तनों की भारी मांग के कारण यह कारोबार करीब 18 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
दीपावली के जश्न को दोगुना करने वाली आतिशबाजी का बाजार भी पीछे नहीं रहा। जिले के अन्य कस्बों व ग्रामीण हिस्सों में भी पटाखों की बिक्री काफी उत्साहजनक रही। अनुमान के मुताबिक जिले भर में करीब 20 करोड़ रुपये की आतिशबाजी बिकी। इसके अलावा मिठाई, गिफ्ट आइटम, फल और मेवे के बाजार में भी जमकर धन बरसा, जिससे पूरा बाजार गुलजार रहा।
डेढ़ गुना हुई वाहनों की बिक्री
आटोमोबाइल सेक्टर के लिए यह दीपावली व्यापारिक लिहाज से बेहद खास और मुनाफे वाली रही। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बिक्री में करीब डेढ़ गुना का इजाफा दर्ज किया गया है। ग्राहकों को लुभाने के लिए कंपनियों की ओर से दिए गए आकर्षक आफर्स का भी बाजार पर अच्छा असर दिखा। जिले के प्रमुख कार व्यापारियों के मुताबिक, दीपावली और धनतेरस के पर्व पर जिले भर में करीब 120 से अधिक नई कारों की डिलीवरी की गई, जिसमें सबसे अधिक मांग पांच सीटर कारों की रही।
इसके अलावा जिले में दोपहिया वाहनों की भी जबरदस्त मांग रही। इस त्योहारी सीजन में 1400 से अधिक नई बाइक और स्कूटी की बिक्री हुई है, जिससे आटोमोबाइल कारोबारियों में भारी उत्साह देखने को मिला। शानदार बिक्री के चलते आटोमोबाइल सेक्टर में अकेले करीब 30 करोड़ रुपये का बंपर कारोबार होने का अनुमान है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।