पीलीभीत में तेज बारिश का कहर: बेटे के सामने अचानक गिरा शीशम का पेड़, वृद्ध पिता की दर्दनाक मौत
पीलीभीत में भारी बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां भोपतपुर गांव में शीशम का पेड़ गिरने से 60 ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। झमाझम वर्षा की वजह से दरख्त (पेड़) जड़ से उखड़ने लगे हैं। सोमवार रात से हो रही बारिश आखिरकार एक बुजुर्ग की जान ले गई। मंगलवार सुबह क्षेत्र के गांव भोपतपुर में सड़क किनारे खड़ा शीशम का पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आकर 60 वर्षीय मुन्ना लाल की मौत हो गई।
बरखेड़ा क्षेत्र के गांव भोपतपुर निवासी मुन्ना लाल मंगलवार सुबह अपने छोटे बेटे अर्जुन के साथ खेत देखने गए थे । सुबह करीब 9:20 बजे वापस आते समय बेटा अर्जुन पिता से कुछ कदम आगे चल रहा था।

मुन्ना लाल गांव से करीब 500 मीटर दूर स्थित बालाजी मंदिर के पास पहुंचे तभी सड़क किनारे खड़ा शीशम का पेड़ लगातार हो रही बारिश के चलते अचानक गिर पड़ा।
अचानक हुए हादसे में मुन्ना लाल को बचने का मौका तक नहीं मिला और वह पेड़ की चपेट में आ गए। आगे चल रहे बेटे अर्जुन ने जब देख कि पिता पेड़ से दबे पड़े है तो उन्हें निकालने की कोशिश करने लगा, लेकिन पेड़ भारी होने की वजह से अकेले संभव नहीं हो सका।

ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से मुन्ना लाल को पेड़ के नीचे से निकाला गया। इसके बाद स्वजन एंबुलेस से सीएचसी बरखेड़ा लेकर पहुंचे, जहां परीक्षण के बाद डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में हुई इस असमय मृत्यु के बाद चीत्कार मच गया। पत्नी इंद्रावती का रो रोकर बुरा हाल है। मुन्नालाल के चार पुत्र हैं, जिनमें हरिओम, सर्वेश, दामोदर और अर्जुन हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली में पीलीभीत बाइपास बनेगा 6-लेन: शहर के 3 बड़े चौराहों का बदलेगा नक्शा, देखें BDA का प्लान
