'बसंती' को गुस्सा क्यों आया? पीलीभीत में शोले का सीन रीक्रिएट, बस इस बार पानी की टंकी पर चढ़ी थी प्रेमिका
प्रेमी द्वारा शादी से इनकार करने पर पीलीभीत में एक नाबालिग लड़की पानी की टंकी पर चढ़ गई, आत्महत्या की धमकी दी। 'शोले' फिल्म के दृश्य जैसा यह मामला साम ...और पढ़ें
HighLights
प्रेमी के शादी के लिए तैयार होने पर ही नीचे उतरने की रखी शर्त, थाने ले गई पुलिस
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। 1975 में रिलीज हुई ब्लाकबस्टर फिल्म शोले की दीवानगी सिनेप्रेमियों में ऐसी थी कि आज भी उसका हर डायलाग लोगों के जेहन में जिंदा है। खास तौर से वीरू के पानी की टंकी पर चढ़ने वाला सीन, जिसमें वह बसंती से शादी के लिए मौसी को मनाता है। कुछ ऐसा ही सीन माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव में मंगलवार सुबह नजर आया, लेकिन इस बार पानी की टंकी पर वीरू नहीं बल्कि बसंती चढ़ी थी। जिद थी कि वीरू से शादी करनी है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव बांसखेड़ा में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक नाबालिग किशोरी आत्महत्या के इरादे से गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गई। किशोरी का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।
युवक के शादी से इन्कार किए जाने से आहत किशोरी ने यह कदम उठाया। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद प्रेमी युवक के पहुंचने पर किशोरी टंकी से नीचे उतरी। सूचना पर पहुंची पुलिस किशोरी को थाने ले आई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव बांसखेड़ा निवासी 17 वर्ष की किशोरी मंगलवार सुबह घर से अचानक निकल गई। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तो स्वजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान गांव वालों को पता चला कि किशोरी गांव की पानी की टंकी पर चढ़ी हुई है और आत्महत्या करने की धमकी दे रही है।
खबरें और भी
यह खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण पानी की टंकी के नीचे जमा हो गए और किशोरी से नीचे उतरने की अपील करने लगे। किशोरी का गांव के ही विशाल नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
किसी बात को लेकर युवक ने शादी करने से मना कर दिया, जिससे आहत होकर किशोरी ने आत्महत्या करने का कदम उठा लिया। टंकी पर खड़ी किशोरी लगातार यही कहती रही कि यदि उसका प्रेमी शादी के लिए तैयार हो जाएगा तभी वह नीचे उतरेगी, अन्यथा वह टंकी से कूदकर जान दे देगी।
काफी देर तक ग्रामीण और स्वजन उसे समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। स्थिति बिगड़ती देख गांव वालों ने युवक विशाल को मौके पर बुलाया। इसके बाद विशाल स्वयं पानी की टंकी पर चढ़ा और किशोरी को समझाकर नीचे उतारा।
किशोरी के सुरक्षित नीचे उतरने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस किशोरी को थाने ले आई, जहां उसकी काउंसिलिंग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।