पीलीभीत: देवर की छेड़छाड़ का विरोध करने पर मिला 'तीन तलाक', मासूम बच्चे संग महिला को घर से निकाला; FIR दर्ज
पीलीभीत में देवर द्वारा छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक महिला को पति ने तीन तलाक दे दिया और घर से निकाल दिया। पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर पति समेत चार ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
विवाहिता की शिकायत पर पति समेत चार लोगों पर सदर कोतवाली में दर्ज की गई प्राथमिकी
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। पति के विदेश में रहने के दौरान देवर ने भाभी के साथ छेड़छाड़ की, विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी मिली। जब उसने शिकायत स्वजन से की तो मामले को दबा दिया गया। लेकिन अब उसने घटना का पूरी तरह से विरोध किया तो पहले ससुरालियों ने पीटकर घर से निकाल दिया, बाद में पति ने तीन तलाक दे दिया। पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर पति समेत चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है।
शहर की कोतवाली सदर क्षेत्र के एक मुहल्ला निवासी महिला ने बताया कि उसका पति डेढ़ साल से विदेश में काम कर रहा था। इसी दौरान उसका देवर घर में उस पर गलत नजर रखने लगा, कई बार अश्लील हरकतें भी कीं। इसकी शिकायत जब सास से की गई तो उन्हें डांटकर मामला रफा-दफा कर दिया गया और कहा गया कि देवर-भाभी में मजाक चलता है।
24 मई की रात करीब नौ बजे जब वह कमरे में अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान देवर कमरे में घुस आया और छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर धमकी दी कि अगर पति को बताया तो जान से मार देगा या पति को भड़का कर तलाक करवा देगा। डर के कारण महिला ने तुरंत कुछ नहीं कहा। बाद में उसने फोन पर पति को पूरी घटना बताई। पति ने भरोसा दिलाया कि जल्द लौटकर विवाद को खत्म करेगा।
इसके बाद पीड़िता मायके चली गई। 19 जून को पति विदेश से लौटा और उसे वापस घर ले गया। वहां उसने फिर सारी बात बताई। काफी दिन बीतने पर भी कोई कार्रवाई न होने पर महिला ने विरोध किया। आरोप है कि इसी बात पर पति की मौसी और अन्य स्वजन ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और पांच साल के बच्चे के साथ सिर्फ पहने कपड़ों में घर से निकाल दिया। साथ ही दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी।
खबरें और भी
मायके पहुंची और स्जवन को आपबीती सुनाई। तीन जुलाई की रात पति भी मायके पहुंचा। आरोप है कि स्वजन के उकसाने पर पति ने गाली-गलौज करते हुए एक साथ तीन तलाक दे दिया और कानूनी कार्रवाई करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर चला गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आगे की जांच कर कार्रवाई को गति दी जाएंगी।