प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: कार की टक्कर से घायल होकर सड़क पर गिरे युवक को दूसरी कार ने रौंदा, मची चीख-पुकार
प्रतापगढ़ के लीलापुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहाँ समोसा कारीगर रजवंत उर्फ पंखू को पहले एक अज्ञात कार ने टक्कर मारी, फिर दूसरी कार ने रौंद दिया, ...और पढ़ें

स्व. रजवंत, फाइल फोटाे
HighLights
कारीगर रजवंत को पहले कार ने टक्कर मारी।
घायल रजवंत को दूसरी कार ने रौंद दिया।
स्थानीय लोगों ने स्पीड ब्रेकर की मांग की।
संवाद सूत्र, जागरण प्रतापगढ़। कार की टक्कर से घायल कारीगर को सड़क पर आई दूसरी कार ने रौंद दिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना से स्वजन बेहाल हैं।
बासूपुर पौड़िया लीलापुर निवासी राजगीर अशोक जोशी का 25 वर्षीय बेटा रजवंत उर्फ पंखू मंगलवार देर शाम सड़क उस पार दुकान पर कुर्सी रखने जा रहा था। वह समोसा की दुकान का कारीगर था। अज्ञात कार की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया।
इसी बीच लालगंज की तरफ से आ रही एक अन्य कार रजवंत को रौंदते हुए गुजर गई। ग्रामीणों ने पीछे से आ रही निजी एंबुलेंस से उसे ट्रामा सेंटर लालगंज भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रजवंत तीन भाइयों में से सबसे बड़ा था। उसके चार बहन हैं। पिता राजगीर का काम करते हैं।
स्वजन ने बताया कि रजवंत छह माह पूर्व भी अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो चुका था। महीने भर इलाज के बाद ठीक हो पाया था। चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग जिला प्रशासन से स्थानीय लोगों ने की है। एसओ लीलापुर मनोज पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।