नौतपा के पहले दिन दिखा तपन का असर, प्रतापगढ़ अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट बंद, सिलेंडरों से हो रही आपूर्ति
प्रतापगढ़ में भीषण गर्मी के कारण राजा प्रताप बहादुर अस्पताल और महिला अस्पताल में दिन के समय ऑक्सीजन प्लांट बंद कर दिए गए हैं। ...और पढ़ें

HighLights
गर्मी के कारण दिन में ऑक्सीजन प्लांट बंद।
अस्पतालों में प्रतिदिन 50 से अधिक सिलेंडर उपयोग।
नौतपा के पहले दिन पारा 44 डिग्री पहुंचा।
पारा 44 डिग्री पर
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। भीषण गर्मी को देखते हुए राजा प्रताप बहादुर अस्पताल व महिला अस्पताल में लगे आक्सीजन प्लांट को दिन में बंद कर दिया जा रहा है। प्लांट को बंद करके सिलिंडर से आक्सीजन की सप्लाई की जा रही है। वहीं, नौतपा के पहले दिन तपन का असर दिखा। अधिकतम तापमान 44 डिग्री पर पहुंच गया।
जिले में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। सोमवार से नौतपा भी लग गया। यह दो जून तक रहेगा। इससे गर्मी और सताएगी। नौतपा के नौ दिनों में गर्मी अपने सबसे चरम पर रहेगी।
कहा जाता है कि नौतपा जितना तपेगा उतनी अच्छी बरसात होगी। साेमवार को सुबह से ही भयंकर गर्मी शुरू हो गई। दोपहर हाेते-होते आसमान से आग बरसने लगी। एसी, कूलर, पंखे गर्म हवा देने लगे। सुबह से ही नौतपा का असर दिखने लगा। सड़कों पर सन्नाटा नजर आया।
राजा प्रताप बहादुर अस्पताल व महिला अस्पताल में तेज गर्मी को देखते हुए पिछले तीन दिनों से दिन में आक्सीजन प्लांट को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया जा रहा है। सिर्फ रात में ही आक्सीजन प्लांट चलाया जा रहा है। दिन में दोनों अस्पतालों में आक्सीजन की सप्लाई आक्सीजन सिलिंडर से की जा रही है। दोनों अस्पताल में कुल 50 से अधिक सिलिंडर प्रतिदिन लग रहे हैं।
अस्पताल के सीएमएस डा. शैलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि तेज धूप व भीषण गर्मी को देखते हुए आक्सीजन प्लांट को दिन में नहीं चलाया जा रहा। उसके स्थान पर अस्पताल में आक्सीजन की आपूर्ति सिलिंडर से की जा रही है। रात में ही आक्सीजन प्लांट चलाया जा रहा है। वहीं, सनई अनुसंधान के मौसम विज्ञान प्रेक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 44 व न्यूनतम 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
खबरें और भी
भीषण गर्मी बीमारी का घर, अस्पतालों में भारी भीड़
भीषण गर्मी के चलते हर घर बीमारी दस्तक दे रही है। इसका असर अस्पतालों में दिख रहा है। राजा प्रताप बहादुर अस्पताल व महिला विंग में सुबह आठ बजे से ही भारी संख्या में मरीज पहुंच गए। पर्चा काउंटर से लेकर डाक्टरों के ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ रही।
रविवार को अवकाश के बाद सोमवार को अस्पताल खुले तो भारी संख्या मेंं मरीज पहुंच गए। मौसमी बीमारियों केे साथ गर्मी के कारण डायरिया व पेट दर्द के साथ खांसी, जुकाम, बुखार के मरीजों की भरमार रही। राजा प्रताप बहादुर अस्पताल में कुल 1640 मरीजों ने पंजीकरण कराया।
अकेले फिजीशियन की ओपीडी में 273 मरीज देखे गए। इनमेंं 64 मरीज वायरल बुखार व डायरिया के रहे। वरिष्ठ फिजीशियन डा. मनोज खत्री ने बताया किक मरीजों को दवाएं देने के साथ दोपहर में घर से न निकलने की सलाह दी गई।
उन्होंने कहा कि दिन में पानी खूब पीयें, दोपहर 12 से चार बजे तक घर से न निकलें। निकलना जरूरी हो तो सिर ढक कर हल्के कपड़े पहन कर निकलें।
तेज धूप में जनगणना, प्रधानाध्यापक की बिगड़ी तबीयत
जनगणना का कार्य सरकार के निर्देशानुसार तेजी से चल रहा है। इसी के क्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय भूपतपुर नरहरपट्टी में कार्यरत प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार सिंह शनिवार को दोपहर जनगणना का कार्य कर रहे थे। कार्य करने के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई।
इलाज के लिए राजा प्रताप बहादुर अस्पताल ले जाया गया। रविवार काे डाक्टर ने प्रयागराज रेफर कर दिया। उनके भाई दिलीप सिंह ने बताया कि प्रयागराज के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है।