प्रतापगढ़ पुलिस हिरासत में युवक की मौत, पट्टी कोतवाली के वॉशरूम में फंदे से लटकता मिला शव; घरवालों ने हत्या का लगाया आरोप
प्रतापगढ़ की पट्टी कोतवाली में पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोरी को भगाने ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ के पट्टी कोतवाली में फंदे से लटके युवक को अस्पताल ले जाते पुलिसकर्मी। जागरण
HighLights
किशोरी को भगाने के आरोप में पुलिस ने 20 सितंबर को हिरासत में लिया था
पट्टी कोतवाली के मोलनापुर निवासी अर्जुन पर पिछले माह दर्ज हुआ था मुकदमा
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़ किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर भगा ले जाने के आरोपित युवक ने कोतवाली पट्टी परिसर में बने शौचालय में फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुई इस घटना से कोतवाली में अफरा-तफरी मच गई। एसपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवक के परिवार के लोगों ने पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान पिटाई से मौत होने का आरोप लगाया है।
कोतवाली पट्टी के मोलनापुर निवासी 22 वर्षीय अर्जुन गौतम उर्फ शैलेश पुत्र लल्लू राम गौतम पर क्षेत्र की 17 वर्षीय किशोरी को बहलाकर अपने साथ भगा ले जाने का केस तीन महीने पहले दर्ज हुआ था। बाद में दोनों बरामद किए गए थे। इसके बाद 17 अगस्त को फिर किशोरी घर से गायब हो गई। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कायम कराया गया।
पुलिस ने किशोरी को तीन दिन पहले बरामद किया। इसके बयान में फिर से अर्जुन गौतम की संलिप्तता मिली। उसे पूछताछ के लिए रविवार को कोतवाली पट्टी बुलाया गया था। किशोरी को वन स्टाप सेंटर में भेजने के बाद अर्जुन से पूछताछ चल रही थी। इसी बीच कोतवाली के शौचालय (वॉशरू) में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर उसका इंतजार करने के बाद संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया तो वह कंबल को फाड़कर बनाए गए फंदे से चुल्ले से लटकता दिखा।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, एसपी पूर्वी आलोक कुमार समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिवार से बात की। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर घटनास्थल व परिसर देखा। मृतक के पिता लल्लू राम समेत स्वजन ने आरोप लगाया है कि अर्जुन को पकड़कर पुलिस ले गई और पीटे जाने से उसकी मौत हुई है। कोतवाल आनंद पाल सिंह समेत ड्यूटी पर रहे पुलिस कर्मियों से घटनाक्रम की जानकारी ली।
एएसपी आलोक कुमार का कहना है कि युवक पर दर्ज केस की जांच चल रही थी। इसी बीच उसने आत्महत्या कर ली। पिटाई से मौत का आरोप बेबुनियाद है। प्रकरण की गहराई से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- माफिया अतीक अहमद का बेटा अली प्रयागराज कोर्ट में पेश, सुनवाई के दौरान समर्थकों की भीड़ व कड़ी सुरक्षा
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी और सीएम योगी के खिलाफ याचिका खारिज, प्रयागराज की कोर्ट ने याचिकाकर्ता पर 50 हजार जुर्माना लगाया
