प्रतापगढ़ के बाघराय में अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से घायल दूसरे युवक की भी मौत, गांव में पसरा मातम
प्रतापगढ़ के बाघराय में सिया गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों, शिवा और गोविंद, की मौत हो गई। ...और पढ़ें

HighLights
बाघराय में ट्रैक्टर-बाइक टक्कर से दो युवकों की मौत।
शिवा और गोविंद की दुर्घटना में हुई दर्दनाक मृत्यु।
पुलिस ने ट्रैक्टर चालक और मालिक पर केस दर्ज किया।
संवाद सूत्र, बाघराय। थाना क्षेत्र के सिया गांव के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक ने देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सिया गांव निवासी 18 वर्षीय शिवा पुत्र श्रीपटेल अपने साथी 22 वर्षीय गोविंद पुत्र बंशीलाल के साथ मंगलवार शाम करीब चार बजे बाइक से बिहार बाजार गया था। बताया गया कि बाइक गोविंद चला रहा था और उसने हेलमेट नहीं लगाया था। बाजार से लौटते समय अवतारपुर के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शिवा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल गोविंद की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजा प्रताप बहादुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
सड़क हादसे में दो युवकों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर स्वामी व चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ श्रवण कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर चालक और ट्रैक्टर की तलाश की जा रही है।
खबरें और भी
ट्रैक्टर चालक व मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
सिया गांव के पास ट्रैक्टर की टक्कर से दो युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक शिवा पटेल के पिता श्री पटेल की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक धर्मेन्द्र कुमार शर्मा तथा ट्रैक्टर स्वामी सूरज सिंह निवासी फूलपुर मौरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
रो-रो कर बेहाल हुए दोनों परिवार
सड़क हादसे में शिवा पटेल और गोविन्द पटेल की मौत के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। शिवा की मौत पर पिता श्री पटेल, माता रन्नू देवी, भाई शिवम और बहन नंदिनी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गोविन्द की मौत से उसकी मां चमेला, भाई लालजी, सुनील, अरविन्द तथा बहन कुसुम और मीना गहरे सदमे में हैं। बताया जा रहा है कि गोविन्द के पिता बंशीलाल की कुछ वर्ष पूर्व ही मौत हो चुकी थी। गोविन्द भाइयों में तीसरे नंबर पर था।
साथ जिए, साथ उठे जनाजे; गांव में गम और आक्रोश
सिया गांव में दो मित्रों शिवा और गोविन्द की एक साथ मौत के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों में गहरी मित्रता थी और वे हमेशा साथ रहते थे। शिवा ने वर्ष 2026 में हाईस्कूल परीक्षा उत्तीर्ण की थी। हादसे में हेलमेट न पहनना दोनों युवकों के लिए काल बन गया।
शिवा की मौत के करीब चार घंटे बाद गोविन्द ने भी दम तोड़ दिया। दोनों मित्रों का एक साथ पोस्टमार्टम कराया जाएगा तथा शाम तक दोनों का अंतिम संस्कार भी साथ-साथ किए जाने की तैयारी है। घटना के बाद सिया गांव के लोगों में ट्रैक्टर चालक और मालिक के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।