लखनऊ-वाराणसी रेलमार्ग हादसा टला, भाग रहे चालक ने रेलवे ट्रैक पर दौड़ाया ट्रक, चार घंटे मार्ग बाधित व 3 ट्रेनें विलंबित
प्रतापगढ़ में नीमा गोपालपुर हॉल्ट के पास एक ट्रक चालक ने अपने ट्रक को रेलवे ट्रैक पर दौड़ा दिया, जिससे वाराणसी-लखनऊ रेलमार्ग चार घंटे तक बाधित रहा। ट् ...और पढ़ें
HighLights
रेलवे ट्रैक पर दो किमी जाकर गिट्टी में धंस गया ट्रक
प्रतापगढ़ में नीमा गोपालपुर हॉल्ट के पास हुई घटना
संसू, जागरण, ढकवा बाजार (प्रतापगढ़)। जनपद से होकर गए वाराणसी-लखनऊ रेलमार्ग सोमवार को एक ट्रक चालक के कारण करीब चार घंटे प्रभावित रहा। इस दौरान बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।दुर्घटना कर भाग रहा ट्रक चालक पकड़े जाने के डर से नीमा गोपालपुर हॉल्ट के पास रेलवे ट्रैक पर ही ट्रक को दौड़ाने लगा। करीब दो किलोमीटर जाकर ट्रक गिट्टी में फंस गया। इसके बाद ट्रैक पर ही ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला।
नीम गोपालपुर हॉल्ट के समीप की घटना
बताया जाता है कि ढकवा पट्टी मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे चालक तेज रफ्तार से ट्रक लेकर नीम गोपालपुर हॉल्ट के समीप पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो कुछ लोग ट्रक का पीछा कर रहे थे। ऐसा लग रहा था कि जैसे वह कहीं से दुर्घटना कर भाग रहा हो। जब तक वह हाॅल्ट के पास पहुंचता, तब तक फाटक बंद हो चुका था और उसके सामने दो-तीन बड़े वाहन खड़े हो गए थे।
फाटक बंद देख बगल से रेलवे ट्रैक पर चढ़ा दिया ट्रक
भागने का कोई मार्ग न देख चालक किनारे से ट्रक को उतार कर सीधे रेलवे ट्रैक पर चढ़ा दिया। कोइरीपुर सुल्तानपुर की तरफ करीब दो किलोमीटर तक ट्रक को ट्रैक पर ही दौड़ाता रहा। इसके बाद गिट्टियों में ट्रक फंस गया और आगे नहीं बढ़ सका। इसके बाद चालक रेलवे ट्रैक पर ही ट्रक छोड़कर भाग निकला। इसी बीच ट्रक का पीछा कर रहे लोग भी वहां पहुंचे।
तत्काल एक्शन में आया रेलवे विभाग
रेलवे ट्रैक पर ट्रक खड़ा देख नीमा गोपालपुर हॉल्ट के गेटमैन विजेंद्र कुमार पटेल ने घटना की जानकारी तत्काल कोइरीपुर रेलवे स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने बिना देर किए सीनियर सेक्शन इंजीनियर को मौके पर भेजा। इसके बाद बैकहो लोडर यानी जेसीबी बुलाकर रेलवे ट्रैक से ट्रक को हटाया गया।
खबरें और भी
तीन ट्रेनें विलंबित हुईं
इस संबंध में कोइरीपुर रेलवे स्टेशन मास्टर रोहित यादव ने दोपहर करीब 12:30 बजे फोन पर बताया कि ट्रक को करीब साढ़े 10 बजे तक रेलवे ट्रैक से हटाकर रेलमार्ग क्लीयर कराया गया। इस दौरान चार घंटे रेलमार्ग बाधित रहा। तीन ट्रेनें विलंबित हुईं। ट्रक जीआरपी सेंटर सुल्तानपुर भेज दिया गया है। ट्रक मालिक से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।