कौन हैं अमरपाल मौर्य? जिन्हें मिली भाजपा ओबीसी मोर्चा की कमान, यूपी की राजनीति में रखते हैं दम
अमरपाल मौर्य को भाजपा ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जिससे प्रतापगढ़ का राजनीतिक कद बढ़ा है।

HighLights
अमरपाल मौर्य भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त।
प्रतापगढ़ से पहली बार किसी को राष्ट्रीय जिम्मेदारी।
संगठन में उत्साह और जश्न का माहौल।
रमेश रामनाथ यादव, प्रतापगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम से बेल्हा को भी ‘अमर लौ’ मिली है। प्रतापगढ़ से पहली बार किसी को राष्ट्रीय मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। अभी तक यूपी की राजनीति में धमक रखने वाले बेल्हा के लाल अमरपाल मौर्य को भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इससे एक बार फिर प्रतापगढ़ का कद बढ़ गया है। इससे पहले भाजपा के पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता को ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व मिला था। अमरपाल को नई जिम्मेदारी सौंपे जाने पर संगठन में उत्साह है। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी को दोगुना किया।
कौन हैं अमरपाल मौर्य?
11 सितंबर 1980 को कुंडा तहसील के राजापुर बिंधन गांव में राम देव मौर्य के घर जन्मे अमरपाल ने गांव के ही प्राथमिक विद्यालय से ककहरा सीखा। पिता किसान परिवार से थे तो इन्होंने बचपन से संघर्ष करना सीखा।
योग में एमए करने वाले अमरपाल ने 1993 में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में मुख्य शिक्षक के रूप में अपने जीवन को राजनीति के पथ पर लाने के लिए कदम बढ़ाया। उनकी कड़ी मेहनत और लगन से उन्हें तीन साल में मंडल कार्यवाह का दायित्व सौंप दिया गया।
सह खंड कार्यवाह की जिम्मेदारी के बाद 2000 में उन्हें दिल्ली और हरियाणा का जिला प्रचारक बना दिया गया। इसके बाद उनका जीवन नई ऊंचाइयों की तरफ बढ़ने लगा।
गंगा आंदोलन में सक्रिय सहभागिता पर उन्हें 2011 में उत्तर प्रदेश प्रदेश कार्य समिति का सदस्य बनाया गया। 2016 से 2019 तक प्रदेश मंत्री का भार उठाकर संगठन को मजबूती दी।
2019 से लेकर 2026 तक दो बार उन्हें प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी निभाने का मौका दिया गया। काशी व अवध क्षेत्र के प्रभारी भी रहे। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने रायबरेली की ऊंचाहार सीट से अपना भाग्य भी आजमाया और उपविजेता रहे।
2024 से राज्यसभा में लोकहित के मुद्दों को उठाकर भाजपा की घर-घर तक की पकड़ को और बल दे रहे हैं। भाजपा की राष्ट्रीय टीम में साल्हीपुर कंजास के रहने वाले स्वदेव सिंह को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। वह दिल्ली में प्रोफेसर हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि पिछले महीने प्रतापगढ़ के डॉ. रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। अब अमरपाल मौर्य को भाजपा ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। इससे प्रतापगढ़ का कद और बढ़ गया है। जनपद को यह दोनों उपलब्धियां मेरे कार्यकाल में मिली हैं, इसलिए मैं स्वयं बहुत उत्साहित हूं। अब संगठन और ऊंचाइयों को छुएगा। इसमें बेल्हा के सितारे भी चमकेंगे।

पार्टी कार्यालय पर जश्न का माहौल
अमरपाल मौर्य को भाजपा ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर सोमवार को टेऊंगा स्थित पार्टी कार्यालय पर जश्न का माहौल रहा। भाजयुमो जिला अध्यक्ष अंशुमान सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव व संगठन के अन्य पदाधिकारियों को मिठाई खिला अपनी खुशियां को साझा किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
