बेटी की शादी से लौट रहे दंपती ट्रेन में गहरी नींद में थे, 60 हजार नकद व 7.49 लाख के आभूषण भरा ट्राली बैग चलती ट्रेन में चोरी
गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में बेटी की शादी से लौट रहे दंपती का 7.49 लाख रुपये के आभूषण और 60 हजार नकद से भरा बैग चोरी हो गया। दंपती गहरी नींद में थे ...और पढ़ें

गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में नकदी व लाखों के आभूषण की चोरी हुई।
HighLights
गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे थे दंपती
गोरखपुर से अहमदाबाद जा रहे थे, सीट के नीचे रखा था बैग
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। कहते हैं कि खुशियों को नजर लगते देर नहीं लगती। कुछ ऐसा ही हुआ अहमदाबाद के एक परिवार के साथ, जो अपनी बेटी के हाथ पीले कर घर लौट रहा था। गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक दंपती का करीब 7.5 लाख रुपये की कीमत के जेवरात और नकदी से भरा ट्राली बैग चोरी हो गया है।
शादी की थकान से गहरी नींद में थे दंपती
गुजरात के अहमदाबाद (सारंगपुर) निवासी अनीता बेन बेटी की शादी संपन्न कर अपने पति मांगीलाल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गोरखपुर से अहमदाबाद लौट रही थीं। वे ट्रेन संख्या 19490 (गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस) के कोच एस-टू की बर्थ संख्या 25 और 26 पर सवार थे। सफर के दौरान मऊ स्टेशन पर भोजन करने के बाद शादी की थकान की वजह से पूरा परिवार गहरी नींद में सो गया। इसी का फायदा उठाकर किसी अज्ञात चोर ने सीट के नीचे रखा ट्राली बैग पार कर दिया।
छिवकी स्टेशन पर खुला राज
21 मार्च की सुबह जब ट्रेन प्रयागराज छिवकी स्टेशन के पास पहुंची तो अनीता बेन की नींद खुली। उन्होंने जैसे ही अपनी सीट के नीचे देखा, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वहां रखा कीमती सामानों से भरा बैग गायब था। आनन-फानन में पूरे डिब्बे में छानबीन की गई, लेकिन बैग का कहीं पता नहीं चला।
चोरी हुए सामान की लंबी फेहरिस्त
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, उस एक बैग में जीवन भर की कमाई और बेटी की शादी से जुड़े सोने के आभूषण थे। इसमें एक तोला सोने की चेन (कीमत 1.51 लाख रुपये), 9 ग्राम का मंगलसूत्र (90 हजार रुपये), एक तोला दो ग्राम का झुमका (1.70 लाख रुपये), सोने की अंगूठी, कान की झाली, और सोने के पेंडल। जबकि चांदी के आभूषण में चांदी के दो जोड़ी ब्रेसलेट (500 ग्राम), 200 ग्राम का चांदी का कड़ा, चांदी का बिस्किट और 10 जोड़ी बिछिया शामिल है। इसके अलावा बैग में करीब 60,000 रुपये नकद भी रखे थे। कुल मिलाकर चोरी हुए माल की कीमत लगभग 7,49,000 रुपये आंकी गई है।
खबरें और भी
प्रयागराज जीआरपी में मुकदमा दर्ज
घटना के बाद पीड़िता ने प्रयागराज जीआरपी में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा अवर निरीक्षक राम करन सिंह को सौंपा गया है। पुलिस अब ट्रेन के रूट, यात्रियों की सूची और संदिग्धों की तलाश कर रही है।
ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर उन यात्रियों के लिए जो शादी-ब्याह के सीजन में जेवरात लेकर सफर करते हैं। फिलहाल, पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद में पुलिस की तरफ देख रहा है। प्रभारी निरीक्षक जीआरपी अकलेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।