अदाणी गैस के नाम पर फिर ठगी, आप भी रहें सावधान; कनेक्शन बंद करने जैसा झांसा देकर साइबर अपराधी जाल में फंसा रहे
साइबर अपराधी अदाणी गैस कनेक्शन बंद करने का झांसा देकर लोगों को ठग रहे हैं। प्रयागराज के अरविंद अग्रवाल से इसी तरह 1.93 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई है। ...और पढ़ें

अदाणी गैस के नाम पर प्रयागराज के व्यक्ति से साइबर अपराधियों ने ठगी की।
HighLights
अदाणी गैस या पाइप लाइन गैस से संबंधित कॉल या संदेश आए तो सतर्क रहें
प्रयागराज के ताशकंद मार्ग निवासी एक व्यक्ति से एक लाख 93 हजार रुपये ठगी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अगर आपके पास भी अदाणी गैस और पाइप लाइन गैस से संबंधित कॉल या संदेश आए तो सतर्क हो जाएं। कहीं ऐसा न हो कि आपका कनेक्शन बंद करने और दूसरे तरह का झांसा देकर साइबर अपराधी अपने जाल में फंसा लें। इसके बाद ऑनलाइन ठगी का शिकार बना लें। क्योंकि ऐसी ही एक घटना प्रयागराज के अरविंद अग्रवाल के साथ हुई है। साइबर अपराधियों ने उनसे करीब दो लाख रुपये की ठगी की। इससे पहले भी अपराधी कई लोगों को निशाना बना चुके हैं।
अदाणी गैस कंपनी कर्मी बताया
ताशकंद मार्ग स्थित अदिति अपार्टमेंट में रहने वाले अरविंद अग्रवाल का कहना है कि उनके पास सात जुलाई 2026 को अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को अदाणी गैस कंपनी का कर्मचारी बताया। कहा कि अदाणी गैस वेल अपडेट नहीं है। किसी भी समय गैस कनेक्शन बंद हो सकता है। जल्द से जल्द अपडेट करवा लें।
मात्र 13 रुपये की मांग की गई
इसी बीच एक लिंक भेजा गया, जिसको ओपन करने पर मात्र 13 रुपये की मांग की गई। डेबिट कार्ड से 13 रुपये का पेमेंट करने का प्रयास किया लेकिन फेल हो गया। कालर ने कहा कि लगता है मोबाइल नंबर बैंक से लिंक नहीं है। तब दूसरा नंबर दिया, जो बैंक से लिंक था।
दो बार में एकाउंट से निकाले गए रुपये
ऑनलाइन पेमेंट का प्रोसेस करते हुए फेल हुआ, लेकिन थोड़ी ही देर में मैसेज आया कि खाते से पैसा कट गया है। पता चला कि दो बार में एकाउंट से एक लाख 93 हजार रुपये निकल चुके थे। तब परेशान अरविंद ने थाने पहुंचकर शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।