मृतक पर जुर्माना ठोकने पर इलाहाबाद हाई कोर्ट सख्त, कुशीनगर के खनन अधिकारी से मांगी रिपोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कुशीनगर के खनन अधिकारी द्वारा एक मृतक व्यक्ति पर जुर्माना लगाने के मामले में गंभीर सवाल उठाए ...और पढ़ें

HighLights
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मृतक पर जुर्माना लगाने पर सवाल उठाए।
कुशीनगर खनन अधिकारी से पांच बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी गई।
जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली की स्थिति और रखरखाव पर जांच होगी।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा और न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह की खंडपीठ ने कुशीनगर के खनन अधिकारी द्वारा एक ट्रैक्टर ट्राली जब्ती मामले में मृतक पर लगाए गए जुर्माने पर गंभीर सवाल उठाए हैं। याचिकाकर्ता धीरज के पिता के नाम पंजीकृत ट्रैक्टर ट्राली को 13 दिसंबर 2020 को खनन निरीक्षक ने जब्त किया था।
इसके बाद 23 जनवरी 2023 को खनन अधिकारी ने 2,26,170 रुपये का जुर्माना लगाने का आदेश पारित किया। याचिका कर्ता को यह आदेश सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत आवेदन करने पर मिला। राज्य सरकार ने अपने जवाबी हलफनामे में दावा किया कि वाहन के मालिक (याचिका कर्ता के पिता शिव नाथ) और याचिका कर्ता ने अपराध स्वीकार करते हुए न्यूनतम जुर्माने पर वाहन छोड़ने का आवेदन दिया था।
याचिका कर्ता के अधिवक्ता राजप्रासाद दुबे ने इस आवेदन की प्रामाणिकता पर सवाल उठाया और मृत्यु प्रमाण-पत्र पेश किया। इसके अनुसार धीरज के पिता का निधन आठ फरवरी 2017 को हो चुका था, यानी कथित आवेदन की तारीख से पहले। अदालत के आदेश पर राज्य सरकार की ओर से मूल आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर कोई तारीख अंकित नहीं थी। पीठ ने पाया कि जब्ती के बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
न याचिकाकर्ता को समय पर नोटिस दिया गया। यह साबित नहीं हुआ कि वाहन मालिक की मृत्यु की सूचना प्रशासन तक पहुंची थी। अधिवक्ता बताया कि याचिकाकर्ता निरक्षर है। वाहन का अब केवल ढांचा ही चौकी में बचा है, बाकी सामान गायब कर दिया गया है। कोर्ट ने खनन अधिकारी या जिला मजिस्ट्रेट से पांच बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी है।
इसमें जब्त वाहनों के निपटान की प्रक्रिया, वाहन की वर्तमान स्थिति और सर्वेयर द्वारा आंका गया मूल्य, 2020 से 2023 के बीच वाहन के रखरखाव के लिए उठाए गए कदम, समझौता आवेदनों पर आगे की कार्रवाई या उसकी कमी तथा जिम्मेदार अधिकारियों के आचरण की जांच क्यों न कराई जाए? उक्त मामले की अगली सुनवाई 12 अक्टूबर को होगी।
