Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Allahabad High Court Judges: इलाहाबाद हाईकोर्ट को मिले 6 नए जज, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

    Updated: Wed, 16 Apr 2025 08:04 PM (IST)

    केंद्र सरकार ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के लिए छह न्यायिक अधिकारियों - जितेंद्र कुमार सिन्हा अनिल कुमार-(दशम) संदीप जैन अवनीश सक्सेना मदन पाल सिंह व हरवीर ...और पढ़ें

    इलाहाबाद हाईकोर्ट को मिले 6 नए जज - जागरण ग्राफिक्स।
    इलाहाबाद हाईकोर्ट को मिले 6 नए जज - जागरण ग्राफिक्स।

    विधि संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट के लिए न्यायमूर्ति के रूप में छह न्यायिक अधिकारियों के नामों को केंद्र सरकार ने स्वीकृति दे दी है। अधिसूचना जारी होने के बाद यह सभी अतिरिक्त न्यायमूर्ति के रूप में शपथ लेंगे।

    कानून एवं न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने अपने आधिकारिक एक्स एकाउंट पर पोस्ट के माध्यम से इस नियुक्ति की पुष्टि की। सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम ने जिला जज स्तर के आठ अधिकारियों को इलाहाबाद हाईकोर्ट का न्यायाधीश बनाने की सिफारिश चार अप्रैल को की थी।

    इनमें तेज प्रताप तिवारी तथा अब्दुल शाहिद के नाम को हरी झंडी नहीं मिल सकी है। सर्वश्री जितेंद्र कुमार सिन्हा,अनिल कुमार-(दशम) संदीप जैन, अवनीश सक्सेना,मदन पाल सिंह व हरवीर सिंह के नाम को मंजूरी मिली है।

    इलाहाबाद हाई कोर्ट में न्यायमूर्तियों की कुल संख्या

    इन छह और न्यायमूर्तियों के कार्यभार ग्रहण करने के बाद एशिया के सबसे बड़े इलाहाबाद हाई कोर्ट में मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली को छोड़कर अन्य न्यायमूर्तियों की कुल संख्या 87 हो जाएगी। कुल 160 न्यायमूर्तियों वाले इस हाई कोर्ट में वर्तमान में मुख्य न्यायमूर्ति के अलावा 78 न्यायमूर्ति कार्यरत हैं।

    इनमें 58 प्रधान पीठ प्रयागराज में हैं जबकि 23 लखनऊ खंडपीठ में। मार्च के आखिरी सप्ताह में दो अधिवक्ताओं सर्वश्री अमिताभ कुमार राय (लखनऊ) व राजीव लोचन शुक्ला (प्रयागराज) को भी न्यायमूर्ति बनाए जाने की संस्तुति सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम ने की है,लेकिन अभी तक केंद्र सरकार ने इन नामों पर अपनी मंजूरी नहीं दी है।