विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रावास में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, जमा करने की अंतिम तिथि भी घोषित

By Amlendu Tripathi Edited By: Brijesh Srivastava
Updated: Sat, 22 Aug 2026 04:38 PM (IST)

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में स्नातक के नए छात्रों के लिए छात्रावास प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक छात्र 2 सितंबर तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर सकते हैं।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय का छात्रावास।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय का छात्रावास।

HighLights

  1. विद्यार्थी छात्रावास के लिए प्रपत्र डाउनलोड करें, दो सितंबर तक आवेदन जमा होंगे

  2. विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों को मिलेगा मौका

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों के लिए छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रावास में रहने के लिए स्नातक छात्रों से आवेदन मांगे हैं। विद्यार्थी निर्धारित छात्रावास प्रवेश प्रपत्र डाउनलोड कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ दो सितंबर को शाम चार बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे।

डीन छात्र कल्याण कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्राप्त कर चुके विद्यार्थी विश्वविद्यालय छात्रावास में आवास के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थियों को छात्रावास आवेदन प्रपत्र भरकर डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर कार्यालय में जमा करना होगा।

आवेदन के साथ विद्यार्थियों को भरा हुआ छात्रावास आवेदन पत्र, पाठ्यक्रम की फीस जमा करने की रसीद, आधार कार्ड, सीयूईटी स्कोर कार्ड, इलाहाबाद विश्वविद्यालय का पंजीकरण प्रपत्र, लागू होने पर श्रेणी प्रमाणपत्र तथा हाल की एक पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो जमा करनी होगी।

छात्रावास आवेदन प्रपत्र में विद्यार्थी से सीयूईटी रोल नंबर, विश्वविद्यालय पंजीकरण संख्या, प्रवेशित पाठ्यक्रम, सीयूईटी स्कोर, फीस रसीद संख्या, सामाजिक श्रेणी, स्थायी पता और संपर्क विवरण सहित अन्य आवश्यक जानकारियां मांगी गई हैं। इसके अलावा पूर्व में विश्वविद्यालय के किसी छात्रावास में निवास करने, विश्वविद्यालय के किसी कर्मचारी पर आश्रित होने तथा किसी आपराधिक या अनुशासनात्मक मामले से संबंधित जानकारी भी देनी होगी।

डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सूर्यभान सिंह के अनुसार अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का छात्रावास आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। नई प्रवेश प्रक्रिया के बीच छात्रावास के लिए आवेदन शुरू होने से बाहर से प्रयागराज पढ़ने आए विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में गंगा पर 3600 मी. लंबा फोर लेन ब्रिज 3 वर्ष में बनेगा, 63 पिलर वाले पुल निर्माण में 952.93 करोड़ रुपये होंगे खर्च

यह भी पढ़ें- ब्रह्मपुत्र मेल में अचानक टूटकर गिरी मिडिल बर्थ, नीचे बैठे यात्री घायल; छह सदस्यीय परिवार में मची चीख-पुकार