प्रयागराज में गंगा पर 3600 मी. लंबा फोर लेन ब्रिज 3 वर्ष में बनेगा, 63 पिलर वाले पुल निर्माण में 952.93 करोड़ रुपये होंगे खर्च
प्रयागराज में सलोरी से हेतापट्टी तक गंगा नदी पर 3600 मीटर से अधिक लंबे फोर लेन पुल का भूमि पूजन ...और पढ़ें

प्रयागराज में गंगा पर फोर लेन ब्रिज तीन वर्ष में बन जाएगा। जागरण आर्काइव
HighLights
सलोरी से हेतापट्टी तक फोर लेन पुल का विधायक व महापौर ने किया भूमि पूजन
पुल निर्माण को 300 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी, 4 किमी होगा अप्रोच मार्ग
22 जनवरी 2025 में संगम क्षेत्र में हुई कैबिनेट की बैठक में मिली थी पुल को मंजूरी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर के सलोरी (बघाड़ा) से हेतापट्टी तक गंगा नदी पर 3600 मीटर से अधिक लंबे फोर लेन पुल का निर्माण तीन वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण में 952.93 करोड़ रुपये खर्च आएगा। इसके लिए 20 जनवरी 2026 को 300 करोड़ रुपये की पहली किस्त शासन से जारी हो चुकी है। पुल में 63 पिलर बनाए जाएंगे, जिसका निर्माण छह माह पहले शुरू कर दिया गया है।
फोर लेन पुल निर्माण के लिए शुक्रवार को विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। सादियाबाद गंगा तट पर क्षेत्रीय विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी के संयोजन में महापौर गणेश केसरवानी, विधायक दीपक पटेल सहित विशिष्टजनों ने भूमि पूजन कर पुल के निर्विघ्न बनने की कामना की। महाकुंभ-2025 के दौरान संगम क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई थी। इसी में सलोरी से हेतापट्टी तक पुल बनाने का प्रस्ताव पास किया गया था।
विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी ने कहा, इस पुल के बनने से गंगापार के सहसों, बहरिया, फूलपुर, प्रतापपुर आदि क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में लाभ मिलेगा। साथ ही जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर की राह आसान होगी। कुंभ-महाकुंभ में लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी। स्थानीय स्तर पर सात लाख से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा।
फूलपुर के विधायक दीपक पटेल और महापौर गणेश केसरवानी ने कहा, सलोही-हेतापट्टी पुल प्रयागराज की विकास में मील का पत्थर है। इससे आवागमन सुगम होने के साथ विकास के नए द्वार खुलेंगे। हेतापट्टी की ओर विकास को रफ्तार मिलेगी। सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, परियोजना प्रबंधक रोहित मिश्र ने बताया कि गंगा पर फोर लेन पुल बनाने के लिए शासन से पहली किस्त सात माह पहले आ चुकी है। पार्षद ज्ञानेंद्र मिश्र, भोला तिवारी, कमलेश तिवारी, मुन्ना शुक्ला, आनंद अग्रवाल, पंकज जायसवाल, विश्वास रावत, शानु भट्ट आदि मौजूद रहे।
