प्रयागराज से मुंबई के बीच दौड़ेगी देश की सबसे तेज अमृत भारत एक्सप्रेस, पहली यात्रा के लिए सभी सीटें फुल
प्रयागराज से मुंबई के लिए देश की सबसे तेज अमृत भारत एक्सप्रेस अपनी पहली यात्रा में पूरी तरह हाउसफुल हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
प्रयागराज से मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस की पहली यात्रा हाउसफुल।
ट्रेन ने 19 घंटे 20 मिनट में प्रयागराज-मुंबई सफर तय किया।
किफायती किराए (जनरल ₹440, स्लीपर ₹730) ने यात्रियों को लुभाया।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी से मायानगरी मुंबई के बीच भारतीय रेल ने रफ्तार और आधुनिक सफर का नया अध्याय लिख दिया है। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के बेड़े में शामिल हुई देश की सबसे तेज औसत गति वाली अमृत भारत एक्सप्रेस अपने पहले ही फेरे में पूरी तरह हाउसफुल हो गई।
शुक्रवार शाम 6:10 बजे प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 10 से मुंबई (एलटीटी) के लिए रवाना होने से पहले ही इस ट्रेन के स्लीपर कोच में वेटिंग लिस्ट 67 पार कर गई। यानी इस ट्रेन की इतनी लोकप्रियता पहले ही दिन हो गई कि इसमें बैठने के लिए लोगों को कन्फर्म सीट तक नहीं मिल पा रही है।
यात्रियों में उत्साह
मुंबई दुरंतो की रफ्तार की बराबरी करते हुए यह ट्रेन महज 19 घंटे 20 मिनट में अपना सफर तय करेगी। जेब पर भारी न पड़ने वाले किफायती किराये-जनरल में 440 और स्लीपर में मात्र 730 रुपये-ने आम यात्रियों को आधुनिकता का तोहफा दिया है।
सतना, जबलपुर, इटारसी और भुसावल होते हुए दौड़ने वाली इस नई रफ्तार के बाद रेलवे 24 अगस्त को उधना (सूरत) और 27 अगस्त को सूबेदारगंज से मुंबई के लिए दो और अमृत भारत ट्रेनों की सौगात देने जा रहा है।
