Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 08, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    महाकुंभ में जमीन का आवंटन कराया, कागजों पर सुविधाएं भी ली लेकिन नहीं लगाया शिविर... ऐसी संस्थाओं पर अब होगा एक्शन

    Updated: Sat, 08 Mar 2025 11:54 PM (GMT+05:30)

    महाकुंभ में जमीन और सुविधाएं लेने के बाद भी शिविर न लगाने वाली 720 संस्थाओं पर बड़ी कार्रवाई हुई है। इन संस्थाओं को काली सूची में डाल दिया गया है। सत् ...और पढ़ें

    महाकुंभ में शिविर नहीं संचालित करने वाली 720 संस्थाएं काली सूची में
    महाकुंभ में शिविर नहीं संचालित करने वाली 720 संस्थाएं काली सूची में

    HighLights

    1. इन संस्थाओं के नाम पर जमीन व सुविधा हुई थी आवंटित, कागज पर दिखाया संचालन
    2. थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसी की सत्यापन रिपोर्ट में पकड़ी गड़बड़ी, अब नहीं मिलेगी जमीन

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। महाकुंभ में जमीन व सुविधा लेकर शिविर का संचालन नहीं करने वाली लगभग 720 संस्थाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। इन सभी संस्थाओं को काली सूची में डाल दिया गया है।

    इनके संचालकों ने जमीन का आवंटन तो करा लिया था, सुविधाएं भी कागज पर ले लिया मगर इनके शिविर नहीं लगे। सत्यापन रिपोर्ट आने पर इन संस्थाओं के खिलाफ प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने कार्रवाई की है। इन संस्थाओं को कुंभ, महाकुंभ और माघ मेला में जमीन व सुविधा नहीं मिलेगी।

    इस बार महाकुंभ में 10 हजार 300 संस्थाओं को जमीन और सुविधा का आवंटन हुआ था। महाकुंभ मेला लगभग 4000 हजार हेक्टेयर में बसाया गया था, जिसे 25 सेक्टर में विभाजित किया गया था।

    इन संस्थाओं को सुविधा देने के लिए सरकार की ओर से लगभग 600 करोड़ रुपये का बजट दिया गया था। इन सुविधाओं में टेंट से लेकर फर्नीचर, रजाई-गद्दा, पुआल और लकड़ी के साथ ही दोना-पत्तल व कुल्हड़ तक शामिल थे। महाकुंभ के बाद जमीन व सुविधा आवंटन का सत्यापन कराया गया।

    थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन (टीपीआइ) एजेंसी ने सत्यापन रिपोर्ट दी तो अफसर भी भौचक रह गए। सत्यापन रिपोर्ट के अनुसार महाकुंभ मेला में 720 संस्थाओं के नाम पर जमीन का आवंटन हुआ और सुविधाएं भी मिलीं, मगर उनका शिविर संचालित नहीं हो सका।

    ये संस्थाएं गैर आबाद ही रहीं। सिर्फ कागज पर ही ये संस्थाएं मेला में रहीं। एडीएम महाकुंभ मेला विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि इन संस्थाओं के संचालकों को नोटिस भेजकर इन्हें काली सूची में डालने की सूचना दे दी गई है। इनके चलते उन संस्थाओं को जमीन व सुविधा नहीं ले सकीं, जो अपना शिविर लगाना चाह रही थीं।

    खबरें और भी

    महाकुंभ में जिन संस्थाओं ने जमीन का आवंटन कराया और सुविधाएं लेने के बाद भी अपने शिविरों का संचालन नहीं किया, उन्हें ब्लैक लिस्ट करते हुए भविष्य में जमीन व सुविधा से वंचित कर दिया गया है।

    - विजय किरन आनंद, महाकुंभ मेलाधिकारी

    महाकुंभ की सफलता ने सिद्ध किया प्रयागराज में है असीम संभावना : एके शर्मा

    तीर्थराज प्रयाग में संपन्न हुए दिव्य भव्य और स्वच्छ महाकुंभ के सफल आयोजन में अहम भूमिका निभाने वालों के अनुभवों को साझा करने के लिए महाकुंभ 2025 एक्सपीरियंस शेयरिंग वर्कशाप का आयोजन शनिवार को किया गया।

    नगर विकास विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से विशाखा आडिटोरियम नगरीय निकाय निदेशालय, गोमती नगर, लखनऊ में संपन्न हुआ। अध्यक्षता कर रहे नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि महाकुंभ के सफल आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रयागराज में असीम संभावनाएं हैं।

    उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत को इस ऐतिहासिक आयोजन की सफलता का आधार बताया, कहा कि प्रयागराज ने अपनी व्यवस्थाओं से पूरे देश और विश्व के सामने एक मिसाल पेश की है।

    यह भी पढ़ें: भारत का सबसे बड़ा आर्थिक आयोजन बना 'महाकुंभ', 3.25 लाख करोड़ का कारोबार, सरकार को कितना हुआ फायदा?