पूर्व कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी बोले- कांग्रेस की जमीन बंजर लेकिन उसके हाथ में अब भी बेवफाई का खंजर
पूर्व कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रयागराज में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा ...और पढ़ें

प्रयागराज के सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता करते पूर्व कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी व अन्य। जागरण
HighLights
प्रयागराज में वरिष्ठ भाजपा नेता नकवी विपक्षी दलों पर जमकर बरसे
बोले- बांग्लादेश की व्यवस्था जिहादी कठमुल्लाओं की बंधक बन चुकी है
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। कांग्रेस, सपा व अन्य विपक्षी दल अपने पराजय के प्रमाणपत्रों की पेटी का प्रदर्शन कर, चुनावी मैदान में रणबाकुरों की जगह रण छोड़ की प्रतिस्पर्धा में जुटे हैं। कांग्रेस की अपनी जमीन बंजर हो चुकी है लेकिन उसके हाथ में अब भी बेवफाई का खंजर है। यह बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कही।
नकवी शुक्रवार को प्रयागराज में हैं। इस दौरान उन्होंने सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा, भाजपा दशकों के राजनीतिक असहिष्णुता और अस्पृश्यता के दुराग्रहपूर्ण दौर को दरकिनार कर सुशासन, स्थायित्व और समावेशी सशक्तिकरण का वैश्विक ब्रांड बन गई है। दुनियाभर के संकट के दौर के बीच भारत सुशासन, सनातन और समावेशी सशक्तिकरण के 'अमृत काल' का गवाह बन रहा है।
बोले कि विपक्षी कुनबे का कुंठित कारवां इस संकल्प को सिद्धि साबित करने वाली तपस्या के परिणाम से सबक की जगह कुंठा, कटुता, कोलाहल के कबाड़खाने में कैद है। भय, भ्रम के भौकाल से प्रजातंत्र को परिवार तंत्र का बंधक बनाने वाला झुंड झटका झेल रहा है। कांग्रेस, सपा व अन्य विपक्षी दल बिना जनाधार के जागीरदारी के जुगाड़ में पराजय की प्रयोगशाला बनते जा रहें है।
लोकतंत्र और संविधान की धाक-धमक को धूमिल करने की धूर्ततापूर्ण धुन के धुरंधरों की जनता धाराप्रवाह धुलाई कर रही है। सत्तालोलुप सुल्तानों की संवैधानिक संस्थानों की सामंती लिंचिंग की सनक उनका सियासी सूपड़ा साफ कर रही है। कांग्रेस जैसी मुल्क की पार्टी मोहल्ले की महंगी हो चुकी है। वोट चोरी के फुके हाइड्रोजन बम और एसआइआर के हुड़दंगी हंगामे की खुड़पैची विरासत और खुराफाती सियासत वाला जुगाड़ का जमघट जनादेश के पनघट पर सुशासन के चक्रवाती तूफान में चारो खाने चित हो रहा है।
नकवी ने कांग्रेस के लिए कहा कि जनाधार में जीरो, अंहकार में हीरो, परिवार को पावर नहीं तो दूसरों के लिए परेशानी का टावर खड़ा करने के मिजाज और रिवाज की हिस्ट्रीशीटर है। बांग्लादेश के लिए कहा, अल्पसंख्यकों के साथ अराजकता और अपराध, मानवीय मूल्यों के कत्लेआम की पराकाष्ठा है। बांग्लादेश की व्यवस्था जिहादी कठमुल्लाओं की बंधक बन चुकी है। जो देश की बर्बादी की इबारत लिख रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।