विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ICRTC Food: रेलवे के खाने में होने वाला है बदलाव, यूपी के इन 13 स्टेशनों पर मिलेगा सात्विक भोजन

Published: Wed, 02 Jul 2025 05:36 PM (IST)

प्रयागराज में सावन के महीने में महादेव के भक्तों के लिए रेलवे ने सात्विक भोजन का प्रबंध किया है। रेलवे ...और पढ़ें

रेलवे के खाने में होने वाला है बदलाव
रेलवे के खाने में होने वाला है बदलाव

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सावन में महादेव भक्तों के लिए रेलवे सात्विक भोजन का भी प्रबंध कर रहा है। रेलवे स्टेशन पर आइआरसीटीसी के फूड प्लाजा व स्टाल पर शुद्ध और सात्विक भोजन उपलब्ध होगा। इसमें लहसुन-प्याज का भी इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। इसके अलावा व्रत वाली थाली के लिए प्रबंध किया जा रहा है।

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में ऐसे 13 स्टेशनों को चिह्नित किया गया है, जहां पहले दिन से ही सुविधा मिलने लगेगी। सीनियर डीसीएम ने इसके लिए आइआरसीटीसी को पत्र भेजा था, जिस पर आइआरसीटीसी ने सुविधा के लिए हामी भर दी है। जिन स्टेशनों पर यह सुविधा मिलेगी उसमें प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, फतेहपुर, अलीगढ़, टूंडला, छिवकी, इटावा, कानपुर अनवरगंज, फिरोजाबाद व मानिकपुर आदि शामिल हैं।

इसके अलावा झांसी और आगरा मंडल के स्टेशनों पर भी इस सुविधा के लिए तैयारी चल रही है। प्रयागराज मंडल के सीनियर डीसीएम हिमांशु शुक्ल ने बताया कि सावन की शुरुआत 11 जुलाई से शुरू हो रही है। कांवरियों के लिए विशेष ट्रेन शेड्यूल की जा रही है। ट्रेन से यात्रा करने वाले शिव भक्तों के लिए पूरे माह सात्विक भोजन की व्यवस्था होगी।

आइआरसीटीसी ने कैटरिंग को लेकर निर्देश दिया है कि यात्रियों को आन डिमांड सात्विक भोजन परोसा जाए। अगर यात्री बिना लहसुन, प्याज वाले भोजन की मांग करते हैं तो पूरी शुद्धता के साथ उसे बनाया जाए और उसे शुद्धता के साथ परोसा जाए। साथ ही इन स्टेशनों पर फ्रूट बार होंगे। यहां फल, फलों का रस, नारियल पानी, खजूर, अनार और मौसमी फल जैसे पौष्टिक विकल्प भी उपलब्ध होंगे।

संगम से भरते हैं जल

शिव भक्तों की टोलियां शिवालयों की ओर निकलने के लिए तैयार हैं। बाबा का दर्शन करने के लिए ट्रेन, बस व निजी साधनों से लोगों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। प्रयागराज में संगम से जल भरकर बड़ी संख्या में लोग काशी विश्वनाथ, महाकाल उज्जैन, बाबा वैद्यनाथ धाम देवघर का दर्शन करने के लिए जाते हैं। यहां पहुंचने के लिए लोग ट्रेन और बस का ही सहारा लेते हैं।

प्रयागराज से ही बेलखरनाथ धाम प्रतापगढ़ समेत पांडेश्वर नाथ धाम, मनकामेश्वर धाम आदि कांवरिया जाते हैं। यात्रा के दौरान और पूरे सावन भर शिवभक्त सात्विक भोजन करते हैं। ऐसे में ट्रेन में यात्रा के दौरान भी उन्हें परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। आइआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि सात्विक भोजन यात्री की मांग पर उपलब्ध कराया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।