प्रयागराज में दिन भर उड़ता रहा रंग-गुलाल, दूसरे दिन जमकर खेली कपड़ा फाड़ होली, जमकर लगाए ठुमके
प्रयागराज में होली का त्योहार दो दिन तक धूमधाम से मनाया गया। शहर रंग और गुलाल से सराबोर रहा, लोग नाचते-गाते दिखे। कपड़ा फाड़ होली की भी धूम रही। इस बा ...और पढ़ें

प्रयागराज के चौक स्थित लोकनाथ चौराहे पर होली के रंग में डूबे लोग। जागरण
HighLights
चौक के ठठेरी बाजार, नैनी बाजार में कल तीसरे दिन भी खेला जाएगा रंग
एक्स पर टाप ट्रेंड हुआ 'हैप्पी होली', छाए रहे एआइ से बने फोटो-वीडियो
होली पर एक्स, फेसबुक के साथ ही इंस्टाग्राम पर भी छाया रहा प्रयागराज
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी की ऐतिहासिक, पारंपरिक व सांस्कृतिक मिलन का संगम होली के दो दिन के पर्व में नजर आया। बुधवार चार मार्च के साथ ही दूसरे दिन गुरुवार पांच मार्च को भी होली के रंग में शहरवासी डूबे रहे। हर ओर अबीर-गुलाल उड़े तो साउंड सिस्टम पर बजते गीतों पर क्या युवा, क्या बच्चे, क्या महिलाएं और क्या बुजुर्ग सभी झूमते नजर आए।
दो दिन तक होली का दिखा जूनून
प्रयागराज में दो दिन होली खेलने की परंपरा रही है। दोनों दिन लोग होली के रंग में डूबे रहे। पहले दिन की अपेक्षा दूसरे दिन आज यानी पांच मार्च को होली का जुनून चरम पर रहा। आज कपड़ा फाड़ होली की भी परंपरा का लोगों ने निर्वहन किया। एक-दूसरे को अबीर-गुलाल और रंग लगाकर गले मिले फिर आपस में कपड़ा भी फाड़ा। शहर में बिजली के तारों पर रंग-बिरंगे कपड़े पड़े थे।
लोकनाथ में जुटे हजारों होलियारे
सबसे खास रही चौक स्थित लोकनाथ की होली। यहां शहर भर के युवाओं की टोली हजारों की संख्या में एकत्र रही। अबीर-गुलाल, रंग, पानी की बौछारों के बीच साउंड सिस्टम पर बजते होली के गीतों के बीच खूब ठुमके लगे। कपड़े भी एक दूसरे के फाड़कर लोगों ने उछाले तो तारों पर टंग गए।
कल भी दो इलाकों में खेला जाएगा रंग
तीसरे दिन कल यानी 6 मार्च को भी शहर में चौक स्थित ठठेरी बाजार में होली खेली जाएगी। इसके अलावा नैनी बाजार में भी रंग चलेगा। खास बात यह है कि ठठेरी बाजार और नैनी बाजार में दोनों तरफ के रास्तों को बंद कर होली की धमाल होगी, जबकि इसके बाहर लोग आम दिनों की तरह सड़कों पर बाहर निकलेंगे। उन पर कोई रंग नहीं डालेगा।
खबरें और भी
इंटरनेट मीडिया के प्लेटफार्मों पर भी होली
उधर रंगों का त्योहार होली इस बार न केवल गलियों और मोहल्लों में, बल्कि इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर भी पूरी जोर के साथ उतरा। एक्स पर तो सुबह से ही हैस टैग हैप्पी होली और होली-2026 जैसे ग्लोबल ट्रेंडिंग लिस्ट में टाप पर बने रहे। इस साल की होली में गुलाल के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) का ऐसा रंग चढ़ा कि असली और काल्पनिक तस्वीरों के बीच का अंतर मिट गया।
तकनीक का 'डिजिटल रंग' भी घुला
संगम नगरी की माहौल में इस बार सिर्फ अबीर-गुलाल ही नहीं, बल्कि तकनीक का 'डिजिटल रंग' भी घुला नजर आया। प्रयागराज की परंपरा और आधुनिकता का ऐसा मेल इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर देखने को मिला, जिसने संगम के तट से लेकर सात समंदर पार तक धूम मचा दी। मंगलवार सुबह से ही हैशटैग हैप्पी होली और होली 2026 ग्लोबल ट्रेंडिंग लिस्ट में शीर्ष पर काबिज रहे, लेकिन इस बार प्रयागराजियों की होली एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जादू से सराबोर दिखी।
एआई-जेनरेटेड विजुअल्स को प्राथमिकता दी
प्रयागराज के युवाओं ने इस बार साधारण तस्वीरों के बजाय एआई-जेनरेटेड विजुअल्स को प्राथमिकता दी। प्रयाग नाम के क्रिएटर्स ने लेटे हुए हनुमान जी और संगम तट पर रंगों की ऐसी जीवंत एआई तस्वीरें साझा कीं, जिन्हें देखकर असली और काल्पनिक का भेद मिट गया। सौरभ ने एआई टूल्स की मदद से खुद को 'संगम के अघोरी' और अंबुज ने 'ब्रज के गोप-गोपिका' वाले अवतार में बदलकर अपनी प्रोफाइल पर सजाया। 'सेल्फी टू एआई' ट्रेंड के तहत युवाओं ने अपनी तस्वीरों को 'होली वारियर' लुक दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
'सिनेमैटिक मोड' में कैद कर भावुक संदेश
सोमवार रात चौक और सिविल लाइंस की होलिका दहन की लपटों को यूजर्स ने 'सिनेमैटिक मोड' में कैद कर भावुक संदेशों के साथ पोस्ट किया। 'एक सेकंड में सफेद कुर्ता और अगले ही पल रंगों से लथपथ चेहरा'- इस तरह के ट्रांजिशन वीडियो बनाने में छात्रों ने बेहतरीन संपादन का नमूना पेश किया, जिन्हें लाखों व्यूज मिले। कुछ टेक-प्रेमी प्रयागराजियों ने एआई वीडियो टूल्स के जरिए अपनी स्थिर फोटो में उड़ते हुए गुलाल के इफेक्ट्स डालकर उसे जीवंत बना दिया। एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम की टाइमलाइन पर केवल गंभीरता ही नहीं, बल्कि 'इलाहाबादी टशन' वाला हास्य भी छाया रहा। 'बुरा न मानो होली है' के साथ इस बार एआई वाले मीम्स की धूम रही।