जंतर-मंतर के आंदोलन की आंच प्रयागराज व प्रतापगढ़ तक पहुंची, समर्थन में जुटे छात्र व संगठन; सुरक्षा के कड़े प्रबंध
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन का समर्थन प्रयागराज तक पहुंच गया है, जहां पत्थर गिरजाघर के पास छात्र एकत्र हुए। प्राथमिक शिक्षक भर्ती और पे ...और पढ़ें

जंतर-मंतर पर हो रहे आंदोलन के समर्थन में प्रयागराज में जुटी छात्रों की भीड़। जागरण
HighLights
सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजाघर के पास बड़ी संख्या में जुटे छात्र
प्रतापगढ़ में भी कई संगठनों का प्रदर्शन, कांग्रेस ने निकाला जुलूस
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन की आंच प्रयागराज तक पहुंच चुकी है। छात्र आंदोलन के समर्थन में शनिवार को संगम नगरी के पत्थर गिरजाघर के पास बड़ी संख्या में आंदोलनकारी छात्र एकत्र हुए हैं। छात्रों के मूवमेंट पर पुलिस की नजर है। काफी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई है।
दिशा छात्र संगठन ने कहा- आंदोलन जारी रहेगा
सिविल लाइंस में मार्च कर आंदोलनकारी छात्र संगठन दिल्ली के आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं। दिशा छात्र संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि वे शिक्षा व्यवस्था में सुधार होने तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन में शामिल होने के लिए जिले के अलग-अलग स्थानों से छात्र एकत्र हो रहे हैं। इन छात्रों की विश्वविद्यालय संबंधी भी कई मांगे हैं।
संयुक्त युवा मोर्चा भी सड़क पर उतरा
इसी के साथ ही प्राथमिक शिक्षक भर्ती और पेपर लीक प्रकरण को लेकर संयुक्त युवा मोर्चा भी सड़क पर उतरा है। इनकी मांग है कि प्राथमिक शिक्षक भर्ती के विज्ञापन जारी किए जाएं, साथ ही जंतर-मंतर के प्रदर्शन को भी समर्थन देना इनका लक्ष्य है। स्थानीय स्तर पर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है जिससे किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

प्रतापगढ़ में पेपर लीक व लाठीचार्ज के खिलाफ प्रदर्शन
प्रतापगढ़ जनपद में भी नीट पेपर लीक और जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कई संगठन शनिवार को धरना दे रहे हैं। आजाद समाज पार्टी ने कंपनी बाग में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने जुलूस निकाला। कुछ अन्य संगठन भी सक्रिय हैं। इसको लेकर शहर में पुलिस सतर्क है। चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात हैं।