Magh Mela 2027 में नौ पीपा पुल से प्रयागराज संगम की आसान होगी राह, श्रद्धालुओं का सुगम होगा आवागमन
माघ मेला 2027 में प्रयागराज संगम पर श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और भीड़ नियंत्रण के लिए नौ पीपा पुलों का ...और पढ़ें

माघ मेला 2027 में नौ पीपा पुलों से श्रद्धालुओं की संगम राह आसान होगी।
HighLights
गंगापार के झूंसी में छतनाग की ओर पहली बार बनेंगे दो पुल
दारागंज से संगम क्षेत्र तक सात पुल होंगे, खर्च होंगे पांच करोड़
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माघ मेला 2027 में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन को सुगम बनाने के लिए इस बार नौ पीपा पुल बनाए जाएंगे। पहली बार छतनाग की ओर भी दो पीपा पुल तैयार किए जाएंगे। इन दोनों पुलों के निर्माण पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं दारागंज से संगम क्षेत्र की ओर सात पीपा पुल बनाए जाएंगे। इस पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस तरह मेले में पीपा पुलों के निर्माण पर कुल लगभग पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
फाफामऊ की ओर नहीं बनेंगे पीपा पुल
सिक्स लेने पुल से आवागमन शुरू किए जाने के कारण माघ मेला के दौरान फाफामऊ की ओर पीपा पुल का निर्माण नहीं होगा। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए पीपा पुल महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। इनके तैयार होने से संगम क्षेत्र और विभिन्न स्नान घाटों तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा।
पहली बार छतनाग में बनेंगे पांटून ब्रिज
इस बार छतनाग की ओर पीपा पुल बनाने का निर्णय खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहां पहली बार माघ मेला के लिए दो पीपा पुल बनाए जाएंगे। इससे छतनाग से अरैल की ओर से जाने व आने वाले श्रद्धालुओं को संगम क्षेत्र की ओर आवागमन में सुविधा मिलेगी और मुख्य मार्गों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। दारागंज से संगम क्षेत्र की ओर सात पीपा पुल बनाए जाने की योजना है। इन पुलों के निर्माण पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
पीपा पुलों के संपर्क मार्ग भी व्यवस्थित होगा
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष एक पीपा पुल के निर्माण में करीब 35 लाख रुपये खर्च हुए थे, जबकि इस बार प्रति पुल लगभग 45 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। मेला प्रशासन की तैयारी में पीपा पुलों के निर्माण के साथ उनके संपर्क मार्ग और आवागमन व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने पर जोर रहेगा।
