शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में अमीर-गरीब का भेद खत्म करना जरूरी : सांसद चंद्रशेखर आजाद
सांसद चंद्रशेखर आजाद ने प्रयागराज में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में अमीर-गरीब के भेद को खत्म करने की बात कही। ...और पढ़ें

प्रयागराज में सहसों में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते सांसद चंद्रशेखर आजाद। जागरण
HighLights
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रयागराज में सहसों के सम्मेलन में शामिल हुए
सांसद चंद्रशेखर ने ने पेपर लीक और बेरोजगारी के मसले को लेकर सरकार पर किया कटाक्ष
संसू, जागरण, सहसों (प्रयागराज)। डिग्रियां लेकर रोजगार के लिए भटकते युवा, आर्थिक असमानता से जूझते गरीब और बदहाल सड़कें विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं पर सभी का समान अधिकार होना चाहिए। इन्हीं मुद्दों को उठाते हुए आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सरकार की नीतियों पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि गरीबों की तस्वीर बदलने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में अमीर-गरीब का भेद खत्म करना होगा। वह रविवार को फूलपुर विधानसभा क्षेत्र के चक अब्दुल करीम उर्फ पूरे भुलई स्थित मैदान में आयोजित भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
चंद्रशेखर आजाद ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि जिस पार्टी का कार्यकर्ता मजबूत होता है, उसका संगठन भी मजबूत बनता है। फूलपुर की ऐतिहासिक धरती पर मान्यवर कांशीराम ने संघर्ष किया था। उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीति ऐसी चाबी है, जिससे समाज की समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। इसका सही इस्तेमाल तरक्की के रास्ते खोलता है।
उन्होंने कहा कि कक्षा एक से 12 तक शिक्षा नि:शुल्क होनी चाहिए। सरकारी विद्यालयों में गरीब और अमीर, दोनों वर्गों के बच्चे पढ़ें, ताकि शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक असमानता समाप्त हो। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को भी सरकारी सेवाओं में अवसर मिलना चाहिए।
बेरोजगारी और पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि नौजवान डिग्रियां लेकर नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं, जिससे उनके भविष्य पर असर पड़ रहा है। सांसद ने आरोप लगाया कि हाईवे से लेकर गांवों की सड़कों तक गड्ढे हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में गरीब-अमीर का अंतर मिटाने की दिशा में काम किया जाएगा। पुलिस, पीआरडी, होमगार्ड, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं और पंचायत सहायकों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई जाएगी। सम्मेलन के प्रारंभ में चंद्रशेखर आजाद ने डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
आयोजन प्रभारी एवं फूलपुर विधानसभा के मोहम्मद शाहिद अख्तर खान ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। अध्यक्षता अशोक कुमार ने तो संचालन नीरज पासी ने किया। प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़, विजय सरोज, नरेंद्र गौतम और दिनेश चौधरी ने भी विचार रखे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।